बॉलीवुड के मशहूर एक्टर गोविंदा इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. एक्टर का नाम पिछले कुछ समय से एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर के साथ जोड़ा जा रहा है. हाल ही में दोनों को एयरपोर्ट पर साथ देखा गया था, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं. अब इन खबरों पर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने एक बार फिर खुलकर नाराजगी जाहिर की है.
गोविंदा पर जमकर बरसीं सुनीता
हाल ही में सुनीता आहूजा पैपराजी से बातचीत करती नजर आईं. इस दौरान जब उनसे गोविंदा की कोमल रानी के साथ वायरल हुई तस्वीरों के बारे में सवाल किया गया, तो वह काफी नाराज दिखाई दीं. पति के कथित अफेयर की खबरों पर तंज कसते हुए सुनीता ने कहा, ‘विनाश काले विपरीत बुद्धि.’
गोविंदा को लेकर क्या बोलीं सुनाती?
उन्होंने आगे कहा कि गोविंदा की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, इसलिए वह ये सब कर रहे हैं. हालांकि, गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
‘मैं सच बोलती हूं तो लोग मुझे गाली देते हैं’
सुनीता से जब गोविंदा पर उन्हें धोखा देने के आरोपों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने गोविंदा के फैंस पर भी नाराजगी जताई. सुनीता ने कहा कि जब वह अपने पति के बारे में कुछ बोलती हैं, तो लोग उन्हें ट्रोल करने लगते हैं. उन्होंने कहा कि अब गोविंदा के फैंस को खुद इस सवाल का जवाब देना चाहिए.
सुनीता ने जताई नाराजगी
सुनीता ने यह भी कहा कि जब वह सच बोलती हैं तो लोग उन्हें गालियां देते हैं, लेकिन अब लोग अपनी आंखों से जो देख रहे हैं, उससे उन्हें खुद समझ जाना चाहिए कि सही कौन है. इसके बाद उन्होंने साफ कहा कि अब वह इस मामले पर और कोई बात नहीं करना चाहतीं और गुस्से में बोलीं, ‘भाड़ में जाएं सब.’
कोमल नाम से भी है सुनीता को नाराजगी
यह पहली बार नहीं है जब सुनीता ने गोविंदा और कोमल रानी को लेकर नाराजगी जाहिर की हो. इससे पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्हें ‘कोमल’ नाम से ही सख्त नफरत है. सुनीता यह भी कह चुकी हैं कि अगर उन्हें गोविंदा के अफेयर का पक्का सबूत मिल गया, तो वह उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी.
फैंस को हुई चिंता!
वहीं, कुछ समय पहले गोविंदा ने भी पत्नी सुनीता के आरोपों और उनकी नाराजगी पर रिएक्शन दिया था. एक्टर ने कहा था कि सुनीता उन्हें जो भी गालियां देती हैं, वह चुपचाप सुन लेते हैं और इसे भी उनका प्यार समझते हैं. फिलहाल, गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर लगातार बयान सामने आ रहे हैं. दोनों के बीच चल रही इस पब्लिक नोकझोंक का आखिर क्या नतीजा निकलता है, यह आने वाला वक्त ही बताएगा.