Actor Quit Acting Build million Doller Company: भारतीय फिल्म जगत में ऐसे कई एक्टर्स और एक्ट्रेसेस हैं, जिन्होंने एक्टिंग की दुनिया से दूरी बनाने के बाद दूसरे क्षेत्रों में शानदार काम किया है. कुछ कलाकारों ने फिल्मों से दूर होने के बाद करोड़ों रुपये का बिजनेस खड़ा कर लिया. ऐसे ही एक एक्टर के बारे में आज हम आपको बताने वाले हैं, जिन्होंने बॉलीवुड फिल्मों से लेकर टीवी शोज तक में काम किया. लेकिन बाद में उन्होंने धीरे-धीरे एक्टिंग से दूरी बना ली. एक्टिंग छोड़ने के बाद इस एक्टर ने एक टेक कंपनी खड़ी की, जिसे आज कई शहरों तक फैलाया जा चुका है.
एक्टिंग से किया किनारा
हम जिस एक्टर की बात कर रहे हैं, उनका नाम सुमीत पाठक है. सुमीत पाठक का नाम शायद कई लोगों को तुरंत याद न आए, लेकिन उनका चेहरा जरूर याद होगा. सुमीत पाठक वही चाइल्ड आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने साल 1993 में रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म ‘बाजीगर’ में अजय मल्होत्रा यानी शाहरुख खान के बचपन का किरदार निभाया था. इसके अलावा उन्होंने सुपरहीरो टीवी शो ‘हीरो भक्ति ही शक्ति है’ में भी काम किया है. हालांकि, इस शो के बाद उन्होंने धीरे-धीरे एक्टिंग से दूरी बना ली. आज सुमीत फिल्मी दुनिया से जुड़े एक बिल्कुल अलग क्षेत्र में मीडिया टेक एंटरप्रेन्योर के तौर पर काम कर रहे हैं.
एक्टिंग छोड़कर बनाई कंपनी
सुमीत पाठक ने एक्टिंग छोड़ने के बाद अपनी पत्नी श्वेता पाठक के साथ मिलकर गुलमोहर मीडिया की स्थापना की. कंपनी की शुरुआत भाषाओं के लोकलाइजेशन से हुई थी, लेकिन आज यह एक बड़े पोस्ट-प्रोडक्शन ऑपरेशन में तब्दील हो चुकी है. गुलमोहर मीडिया की स्टूडियो ब्रांच अब मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई समेत 6 शहरों तक फैल चुकी है. टेक्नोलॉजी भी कंपनी के काम का एक अहम हिस्सा है. गुलमोहर मीडिया क्लाउड-बेस्ड एडिटिंग और प्रोडक्शन का इस्तेमाल करती है, जिससे टीम ट्रेडिशनल स्टूडियो सेटअप पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय दूर से भी काम कर सकती है.
आमिर खान के साथ किया काम
गुलमोहर मीडिया को इंडस्ट्री में पहचान दिलाने वाले प्रोजेक्ट्स में से एक आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बना शो ‘सत्यमेव जयते’ था. कंपनी ने शो के भाषाई अडेप्टेशन का काम संभाला, जिसमें अलग-अलग शहरों में कई भाषाओं में डबिंग करना भी शामिल था. इस बड़े प्रोजेक्ट ने टीम को यह साबित करने का मौका दिया कि वह बड़े और जटिल भाषा-अडेप्टेशन प्रोजेक्ट्स को प्रभावी तरीके से संभाल सकती है.