Actor Reveals Brother Did Not Help in Financial Crisis: बॉलीवुड में ऐसे कई एक्टर्स और एक्ट्रेसेस हैं, जिन्होंने अपनी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. कई कलाकारों ने आर्थिक तौर पर मजबूत होने के लिए दूसरे बिजनेस में भी हाथ आजमाया. इनमें से कुछ सफल हुए, तो कुछ बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गए. आज हम आपको ऐसे ही एक एक्टर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने एक प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए अपना घर तक बेच दिया था. लेकिन इस प्रोजेक्ट में उन्हें धोखा मिला, जिसके बाद वह आर्थिक तंगी से जूझने लगे. हाल ही में एक्टर ने बताया कि इस मुश्किल दौर में उनके भाई ने भी उनकी मदद नहीं की. चलिए आपको इस एक्टर के बारे में बताते हैं.
मैंने अपना घर बेच दिया…
हम जिस एक्टर की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं बल्कि एक्टर अनुपम खेर के छोटे भाई राजू खेर हैं. हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में राजू खेर ने अपनी आर्थिक तंगी और भाई अनुपम खेर से नाराजगी को लेकर खुलकर बात की. आर्थिक तंगी और धोखाधड़ी के बारे में बात करते हुए राजू ने कहा, ‘एक समय था जब मैं बुरे दौर से गुजर रहा था. मैंने अपना घर बेच दिया था क्योंकि एक नया चैनल आने वाला था. मैंने कहीं और एक छोटा सा फ्लैट खरीद लिया था.’
चैनल अचानक हो गया गायब…
अपने टीवी शो के बारे में बात करते हुए राजू ने कहा, ‘कई लोग पायलट एपिसोड बना रहे थे, एग्रीमेंट भी हो चुके थे. मैंने भी ‘लाइफ के लिए कुछ भी करेगा’ नाम का एक शो बनाया था. अचानक मुझे पता चला कि चैनल गायब हो गया है. फ्लैट बेचकर जो पैसे मिले थे, मैंने वो सारे पैसे उस शो में लगा दिए थे. मेरा 4BHK का घर था, परिवार के लिए सब कुछ सेट था. और फिर चैनल गायब हो गया और किसी को पता नहीं चला कि क्या हुआ… बस उनके दरवाजे पर ताला लगा हुआ था.’
भाई ने नहीं की मदद…
राजू ने बताया कि इस दौरान उन्हें किसी फिल्म में भी काम नहीं मिल रहा था, जिसकी वजह से उनकी जिंदगी और मुश्किल हो गई थी. राजू के मुताबिक, इस मुश्किल दौर में उन्हें अपने भाई अनुपम खेर से मदद की उम्मीद थी. हालांकि, अनुपम भी उस समय मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. राजू ने कहा, ‘मुझ पर किराया देने का प्रेशर था. मेरे पास कोई और सहारा नहीं था. मैं सिर्फ अपने भाई से बात कर सकता था और मुझे लगा कि वह मेरी मदद करेगा. लेकिन उस समय उसने भी काम करना बंद कर दिया था. कारण यह था कि वह उन अजीबोगरीब फिल्मों में काम नहीं करना चाहता था. इसलिए, मुझे लगा कि मेरे भाई ने मेरी मदद नहीं की. ‘वह कर सकता था,’ उस समय मेरे मन में यही विचार आया.’