Rubina Dilaik Breakdown on Khatron Ke Khiladi 15: टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने मां बनने के दो साल बाद रोहित शेट्टी के रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में फिर स्टंट करती नजर आ रही है. दो साल पहले ही रुबीना दिलैक ने जुड़वां बेटी एधा और जीवा को जन्म दिया था. हाल ही में रुबीना दिलैक ने बताया कि डिलीवरी के बाद स्टंट शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में आना उनके लिए काफी दर्दनाक था. इस दौरान रुबीना ने उस घटना के बारे में बताया, जिसके बाद एक्ट्रेस ये सोचने पर मजबूर हो गई थीं कि कहीं वो इस शो में आकर गलती तो नहीं कर दी. चलिए आपको पूरा मामला विस्तार से समझाते हैं.
मैंने गलत फैसला…
ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में रुबीना ने रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ में अपनी वापसी को लेकर कई बारे में शेयर की. जहां रुबीना ने कहा, ‘पहले स्टंट के बाद मुझे एम्बुलेंस में ले जाना पड़ा, वही पल था जब मुझे लगा कि शायद मैंने कोई गलती कर दी है. मुझे लगा कि शायद मुझे अपनी ताकत दोबारा हासिल करने के लिए 4-5 साल और देने चाहिए थे. बच्चे को जन्म देने के दो साल के भीतर अपनी पहले वाली फिजिकल कंडीशन में वापस आना आसान नहीं है. मैं खुद को एथलीट तो नहीं कहूंगी, लेकिन मैं हमेशा से फिजिकली एक्टिव रही हूं और इतनी स्ट्रॉन्ग रही हूं कि इस तरह के स्टंट वाले शो में हिस्सा ले सकूं. हालांकि, मां बनने के बाद सब कुछ बदल गया. मुझे याद है कि अभिनव से फोन पर बात करते हुए मैं रो पड़ी थी और उनसे कह रही थी कि शायद मैंने गलत फैसला लिया है.’
मैं अपनी बेटियों…
रुबीना ने आगे कहा, ‘मुझे यह भी लगा कि चूंकि अभिनव और मेरे परिवार ने मुझे यह मौका देने के लिए बहुत त्याग किया है, इसलिए मेरी जिम्मेदारी बनती है कि मैं अपना बेस्ट परफोर्म करूं. अगर मैं स्टंट आधे मन से करती या ईमानदारी से काम नहीं करती, तो मुझे लगता कि मैंने अपने परिवार के मुझ पर किए गए विश्वास और समय को निराश किया है. मैं चाहती थी कि वे एक दिन यह शो देखें और सोचें, ‘अगर मां यह कर सकती है, तो हम भी कर सकते हैं.’ मैं चाहती थी कि वे इसके पीछे की हिम्मत और मजबूत इरादों को देखें. मैं अपनी बेटियों से यह उम्मीद नहीं करती कि वे बिल्कुल मेरे रास्ते पर चलें. लेकिन माता-पिता के होने के नाते, हम सभी चाहते हैं कि हमारे बच्चों में आत्मविश्वास हो और वे अपनी क्षमताओं को पहचानें.’