Ram Kapoor Birthday: टीवी के मशहूर अभिनेता राम कपूर आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में साक्षी तंवर के साथ उनकी जोड़ी ने उन्हें घर-घर में पॉपुलर बना दिया था. उन्होंने अपने करियर में पति, पिता, अधिकारी और कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं. हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा. एक्टिंग को करियर बनाने के फैसले की वजह से उन्हें अपने पिता की नाराजगी तक झेलनी पड़ी थी.
पिता चाहते थे सुरक्षित करियर
राम कपूर का जन्म 1 सितंबर 1973 को दिल्ली में हुआ था. उनके पिता अनिल कपूर विज्ञापन की दुनिया से जुड़े थे. राम का परिवार आर्थिक रूप से काफी मजबूत था और पिता चाहते थे कि बेटा पढ़ाई पूरी करके कोई सुरक्षित करियर चुने, लेकिन राम कपूर का मन बचपन से ही एक्टिंग में था. स्कूल के दिनों में ही उनका थिएटर से जुड़ाव हो गया था.

राम ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्होंने एक्टिंग को अपना करियर बनाने का फैसला किया तो उनके पिता इस बात से खुश नहीं थे. वह अमेरिका एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने गए. शुरुआत में उनका इरादा फिल्ममेकिंग पढ़ने का था, लेकिन बाद में उनका पूरा ध्यान अभिनय की तरफ हो गया.

पिता ने बंद कर दी पॉकेट मनी
राम कपूर के लिए असली मुश्किलें अमेरिका पहुंचने के बाद शुरू हुईं. उनके पिता ने आर्थिक मदद भेजना बंद कर दिया. दरअसल, वह चाहते थे कि राम अपने फैसले की जिम्मेदारी खुद उठाएं. इसके बाद राम ने अमेरिका में अपना खर्च चलाने के लिए छोटे-मोटे काम किए. उन्होंने सेकेंड हैंड गाड़ियां खरीदने और बेचने का काम भी किया.

10 साल तक पिता से रही दूरी
राम कपूर ने बताया था कि उनके एक्टिंग करियर चुनने के फैसले का असर पिता के साथ रिश्ते पर भी पड़ा. दोनों के बीच करीब 10 साल तक बातचीत नहीं हुई. हालांकि, वक्त के साथ पिता को राम के फैसले पर भरोसा हुआ और धीरे-धीरे उनके रिश्ते बेहतर हो गए. राम यह भी चाहते थे कि उन्हें पिता की पहचान से नहीं, बल्कि अपने काम के दम पर पहचान मिले.

‘बड़े अच्छे लगते हैं’ ने बदल दी जिंदगी
अमेरिका से लौटने के बाद राम कपूर ने थिएटर और टीवी से करियर शुरू किया. ‘न्याय’ , ‘घर एक मंदिर’ , ‘कसम से’ जैसे शोज में काम करने के बाद उन्हें 2011 में ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ से बड़ी पहचान मिली. शो में साक्षी तंवर के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई.

इन शोज से दिखाया एक्टिंग का अलग दम
इसके बाद राम कपूर ने फिल्मों और ओटीटी पर भी अपनी एक्टिंग का दम दिखाया. ‘उड़ान’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘हमशकल्स’ जैसी फिल्मों के अलावा ‘द फैमिली मैन’, ‘अभय’ और ‘सनफ्लावर’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आए. आज राम कपूर टीवी और मनोरंजन की दुनिया के जाने-माने कलाकारों में शामिल हैं.