टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों सिंगर काजी तौकीर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. शो में उनकी बातें और बेबाक अंदाज दर्शकों को पसंद आ रहा है. इसी बीच काजी ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें एकता कपूर के साथ काम करने का मौका मिला था, लेकिन वह इस ऑफर को स्वीकार नहीं कर पाए. इसके बाद मीडिया में उन्हें लेकर ऐसी खबरें छपीं, जिनसे वह काफी हैरान रह गए थे. अब सालों बाद काजी ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.
बिग बॉस में आम्रपाली दुबे से की दिल की बात
‘बिग बॉस 20’ के एक प्रोमो में काजी तौकीर और आम्रपाली दुबे गार्डन एरिया में बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान आम्रपाली ने उनसे पूछा कि 22 साल बाद शो में लौटने पर क्या उन्होंने इतने प्यार की उम्मीद की थी. इस पर काजी ने अपनी जिंदगी और करियर के कई दिलचस्प किस्से सुनाए.
2005 में काजी ने जीता था रियलिटी शो
काजी ने बताया कि उन्होंने साल 2005 में एक सिंगिंग रियलिटी शो जीता था, जिसके लिए उन्हें एक करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली थी. इसके बाद साल 2015 में उन्होंने फिल्म ‘अफगान जलेबी’ के साथ क्रिएटिव तौर पर काम किया, जिसे भी अच्छी सफलता मिली. हालांकि, काजी ने कहा कि उनके करियर में कई ऐसे मौके आए. जब परिस्थितियों के कारण वह ज्यादा काम नहीं कर पाए.
एकता कपूर ने सुनाई थी रॉकस्टार की कहानी
काजी ने बताया कि साल 2005 में एकता कपूर उनके पास एक प्रोजेक्ट लेकर आई थीं. उन्होंने काजी को फिल्म में रॉकस्टार का किरदार ऑफर किया था. एकता उन्हें पूरे किरदार की कहानी समझा रही थीं, लेकिन उस वक्त काजी महज 20 साल के थे.
एकता कपूर की अंगूठियों में गया ध्यान
काजी ने बताया कि वह उस समय एकता कपूर की बातों पर ठीक से ध्यान देने के बजाय उनके हाथों में पहनी अंगूठियां देख रहे थे. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह एकता से सीधे कैसे कहें कि वह यह प्रोजेक्ट नहीं करना चाहते.
‘काजी ने एकता कपूर को धोखा दिया’
काजी ने बताया कि उनके साथ अनुपमा नाम की एक महिला थीं. उन्होंने उनके कान में धीरे से कहा कि वह यह प्रोजेक्ट नहीं कर सकते. अनुपमा ने उनकी बात समझी और कहा कि अगर वह काम नहीं करना चाहते तो कोई बात नहीं. काजी ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले से एक फिल्म साइन कर रखी थी और उसी का हवाला दिया था.
अखबार में छपी रिपोर्ट से हुए हैरान
लेकिन अगले दिन अखबार में छपी खबर ने उन्हें हैरान कर दिया. काजी के मुताबिक, मीडिया में उन्हें लेकर लिखा गया कि उन्होंने एकता कपूर को धोखा दिया है और अब उनके पास बड़े प्रोजेक्ट्स हैं.
काजी ने पुराने विवाद पर दी सफाई
काजी ने कहा कि उस समय सोशल मीडिया नहीं था, इसलिए उनके पास अपनी बात रखने का कोई आसान रास्ता भी नहीं था. उन्होंने साफ किया कि वह एकता कपूर की इज्जत करते हैं और उन्हें धोखा देने का उनका कोई इरादा नहीं था. सालों बाद इस खुलासे के साथ काजी ने उस पुराने विवाद पर अपनी सफाई दी है.