टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों रिश्तों और विवादों का जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है. वीकेंड का वार में इस बार पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल को लेकर ऐसा मामला उठा कि वह खुद को संभाल नहीं पाईं. स्काउट ओपी उर्फ तन्मय के साथ उनकी नजदीकियों पर सवाल उठे, तो एक तरफ काशवी हीरानंदानी ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई, वहीं दूसरी ओर होस्ट रोहित शेट्टी भी जमकर बरसे. इन सबके बाद लव फूट-फूटकर रोती नजर आईं.
काशवी ने लव पर लगाए गंभीर आरोप
दरअसल, शो में लव गिल और स्काउट ओपी की नजदीकियां लगातार चर्चा में हैं. दोनों के बीच भाई-बहन और दोस्ती का रिश्ता बताया जाता रहा है, लेकिन उनके ज्यादा करीब आने पर सवाल उठने लगे. मामला तब और बढ़ गया, जब स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी ने घर में पहुंचकर दोनों को आमने-सामने बैठकर अपनी बात कही.
काशवी की फटकार सुन लव के उड़े होश
काशवी ने लव पर स्काउट को अपने जाल में फंसाने का आरोप लगाया. उन्होंने स्काउट को भी अपनी हरकतें सुधारने की चेतावनी दी. काशवी का कहना था कि मुश्किल वक्त में तन्मय ने उनका साथ दिया है, लेकिन घर में हो रही घटनाओं को देखना उनके लिए आसान नहीं है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो उनके रिश्ते पर असर पड़ सकता है.
रोहित शेट्टी की फटकार से टूटीं लव
विवाद यहीं नहीं रुका. लव को रोहित शेट्टी से भी मसाज कराने को लेकर फटकार सुननी पड़ी. रोहित ने उन्हें समझाया कि शो को करोड़ों लोग देखते हैं और हर कोई अपने नजरिए से चीजों को देखता है. ऐसे में कंटेस्टेंट्स को अपने व्यवहार और उसकी छवि पर पड़ने वाले असर को समझना चाहिए.
फफक-फफक कर क्यों रोईं लव?
इन बातों को सनुकर लव टूट गईं और दर्द में उनके आंसू छलक पड़े. प्रोमो में वह अकेले बैठकर रोती नजर आ रहीं हैं. स्काउट से अपनी परेशानी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं तो किसी को मुंह दिखाने लायक भी नहीं रही. मेरे कैरेक्टर की तूने धज्जियां उड़ा दी. बाहर जाकर लोग क्या बोलेंगे मेरे बारे में? सोशल मीडिया से ये चीजें मिटेंगी नहीं. तुमने मेरा पूरा करियर खराब कर दिया.’
अब क्या होगा लव और स्काउट की दोस्ती का?
लव की हालत देखकर आम्रपाली दूबे उन्हें और स्काउट को समझाती और उनका साथ देती नजर आईं. वहीं, घर में दूसरे कंटेस्टेंट्स के बीच भी इस पूरे मामले की चर्चा होती नजर आई. अब सवाल यह है कि इस विवाद के बाद लव और स्काउट के रिश्ते में क्या बदलाव आएगा? क्या लव इस मामले से उबरकर अपने गेम पर ध्यान दे पाएंगी, या यह विवाद उनके बिग बॉस के सफर को और मुश्किल बना देगा? आने वाले एपिसोड में इसका जवाब मिल सकता है.