बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी और प्रॉपर्टी को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में अभिनेता पर मुंबई में फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे. इस घटना के बाद अब टाइगर ने अपनी एक लग्जरी प्रॉपर्टी बेच दी है. अभिनेता का यह अपार्टमेंट मुंबई के पॉश इलाके खार वेस्ट में स्था, जिसे उन्होंने 9 करोड़ रुपये में बेचा है.
टाइगर श्रॉफ ने 9 करोड़ में बेचा अपार्टमेंट
रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ के मुंबई स्थित अपार्टमेंट की बिक्री से जुड़ी डील 22 अक्टूबर 2026 को रजिस्टर हुई. यह अपार्टमेंट खार वेस्ट की रुस्तमजी पैरामाउंट डी को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी की 9वीं मंजिल पर मौजूद था. इस प्रॉपर्टी का कारपेट एरिया 1,291.14 वर्ग फुट बताया गया है. अभिनेता ने इसे 9 करोड़ रुपये में बेचा है.
पहले भी करोड़ों की प्रॉपर्टी बेच चुके हैं टाइगर
यह पहली बार नहीं है, जब टाइगर श्रॉफ ने अपनी किसी प्रॉपर्टी को बेचा हो. इससे पहले भी अभिनेता रियल एस्टेट डील को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं. पिछले साल उन्होंने अपना एक और अपार्टमेंट 15.6 करोड़ रुपये में बेचा था. वहीं, साल 2026 की शुरुआत में टाइगर ने पुणे के हडपसर इलाके में स्थित अपनी लग्जरी प्रॉपर्टी को 8.87 करोड़ रुपये में बेचा था. हालांकि, खार वाला अपार्टमेंट बेचने के पीछे अभिनेता की क्या वजह है, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
टाइगर पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
प्रॉपर्टी डील से पहले टाइगर श्रॉफ एक सनसनीखेज घटना को लेकर सुर्खियों में आए थे. 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा नरसी पार्क के पास फुटबॉल खेलने के बाद जब अभिनेता अपनी कार से निकल रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाई थीं. इस घटना में टाइगर को मामूली चोट आई थीं, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई थी.
मामले में अब तक 11 गिरफ्तार
इस हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती तीन आरोपियों को अगले दिन कोटा से पकड़ा गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, रिहान, ऋतिक और फूल सिंह नाम के आरोपियों को 31 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर रखा गया है.