Jailer 2 X Review: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है, इसी के साथ फैंस की उत्सुक्ता भी नेक्स्ट लेवल पर पहुंच गई है. सुबह 6 बजे से ही थिएटरों के बाहर दर्शकों की लंबी कतारें देखने को मिली जहां पूरी तरह जश्न जैसा माहौल नजर आया. फिल्म देखने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर फिल्म का रिव्यू शेयर किया. कोई रजनीकांत के स्टाइल और एक्शन का दीवाना होता नजर आया, तो किसी को ऋतिक रोशन का कैमियो बेहद पसंद आया. आइए जानते हैं और क्या-क्या बोले दर्शक?
रजनीकांत के स्टाइल पर फिदा हुए फैंस
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ साल 2023 में आई सुपरहिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है. इसमें रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं. फिल्म में उनके एक्शन, स्क्रीन प्रेजेंस और स्टाइल की जमकर तारीफ हो रही है.
एक दर्शक ने फिल्म को शानदार एंटरटेनर बताते हुए रजनीकांत के स्वैग की तारीफ की. वहीं, ऋतिक रोशन के कैमियो को भी जबरदस्त बताया. सोशल मीडिया पर कई फैंस ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर करार दिया है.
ऋतिक रोशन के कैमियो ने बढ़ाया रोमांच
‘जेलर 2’ में ऋतिक रोशन का कैमियो दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. फैंस को उनका अंदाज और एंट्री काफी पसंद आ रही है. इसके अलावा विजय सेतुपति समेत दूसरे कलाकारों की मौजूदगी ने भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाई है. फिल्म के इंटरवल सीक्वेंस, एक्शन और फ्लैशबैक की भी तारीफ हो रही है. वहीं कुछ दर्शकों का मानना है कि इंटरवल के बाद फिल्म में कई धांसू और दमदार पल देखने को मिलते हैं.
अनिरुद्ध के BGM और कॉमेडी ने जीता दिल
फिल्म के म्यूजिक और बैकग्राउंड स्कोर की भी खूब चर्चा हो रही है. अनिरुद्ध रविचंदर के BGM को दर्शकों ने फिल्म की बड़ी ताकत बताया है. वहीं, योगी बाबू और नमो नारायण की कॉमेडी कई जगह दर्शकों को हंसाती है. चाय की दुकान वाला सीन और टाइटल कार्ड भी सोशल मीडिया पर तारीफ बटोर रहे हैं.
कुछ दर्शकों को पसंद नहीं आई कहानी
जहां कई फैंस ‘जेलर 2’ को ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं, वहीं कुछ दर्शकों की राय इससे अलग है. उनका कहना है कि फिल्म की कहानी पहले भाग के फॉर्मूले पर चलती है. कुछ लोगों को कैमियो भी पहली फिल्म के मुकाबले कम प्रभावशाली लगे. कमजोर विलेन और धीमी शुरुआत को भी फिल्म की कमियां बताया गया है.
क्या है ‘जेलर 2’ की कहानी?
फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में लौटे हैं. इस बार उनकी शांत जिंदगी में एंटीक माफिया और पुराने दुश्मनों की वजह से उथल-पुथल मच जाती है. परिवार और अपनी विरासत को बचाने के लिए उन्हें खतरनाक दुश्मनों का सामना करना पड़ता है. फिल्म में रजनीकांत के साथ एसजे सूर्या, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, मिथुन चक्रवर्ती और योगी बाबू जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. वहीं, मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, ऋितिक रोशन और विजय सेतुपति के कैमियो भी फिल्म का हिस्सा हैं. कुल मिलाकर, शुरुआती सोशल मीडिया रिएक्शन्स में रजनीकांत का स्टाइल, दमदार एक्शन और अनिरुद्ध का BGM छाया हुआ है.