---विज्ञापन---
थूक-थूककर बिगाड़ा इस एक्ट्रेस का चेहरा! गुस्से से तिलमिलाई हसीना, बोलीं- ‘ये सिर्फ मेरा नहीं, हर औरत…’
Divya Unni Poster Controversy: एक्ट्रेस, राइटर और डायरेक्टर दिव्या उन्नी इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में एक टूथपेस्ट ब्रांड के पोस्टर पर किसी शख्स द्वारा पान की पीक थूकते हुए देखा गया. खास बात यह रही कि पोस्टर पर दिव्या उन्नी का चेहरा था. वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इस हरकत की जमकर आलोचना की, वहीं दिव्या ने भी इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी.
क्यों गुस्साईं एक्ट्रेस?
दिव्या ने इंस्टाग्राम पर अपना रिएक्शन शेयर करते हुए कहा कि कई लोगों ने उन्हें यह वीडियो भेजा. उन्होंने बताया कि जिस दीवार पर उनका पोस्टर लगा था, वहीं कई पुरुष नेताओं के पोस्टर भी मौजूद थे, लेकिन पान की पीक सिर्फ महिला के चेहरे वाले पोस्टर पर ही थूकी गई. इसी बात ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया.
क्या बोलीं एक्ट्रेस?
दिव्या ने कहा कि वह इस घटना को सिर्फ अपने अपमान के तौर पर नहीं देखतीं. उनके मुताबिक, उस पोस्टर पर सिर्फ दिव्या उन्नी का चेहरा नहीं था, बल्कि वह किसी भी महिला का चेहरा हो सकता था. उन्होंने कहा कि यह घटना समाज में महिलाओं के प्रति मौजूद सोच को दिखाती है.
दिव्या ने उठाए सवाल
हालांकि, दिव्या ने माना कि इस घटना से उन्हें दुख पहुंचा, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा और अपमान की बड़ी घटनाओं के सामने यह बहुत छोटी बात है. फिर भी उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना अभी भी मजबूत नहीं हो पाई है.
महिला सुरक्षा पर कही ये बात
दिव्या ने यह भी खुलासा किया कि वह भविष्य में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार, भेदभाव और हिंसा जैसे मुद्दों पर फिल्में बनाना चाहती हैं. उनका मानना है कि सिनेमा लोगों की सोच बदलने का मजबूत माध्यम बन सकता है और इसके जरिए महिलाओं के सम्मान और बराबरी का संदेश ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकता है.
पुरुष मानसिकता पर बोलीं एक्ट्रेस
उन्होंने कहा कि जब तक बच्चों, खासकर बेटों की परवरिश सही सोच के साथ नहीं होगी और पुरुष अपनी मानसिकता नहीं बदलेंगे, तब तक ऐसी घटनाएं पूरी तरह खत्म नहीं होंगी. अपने बयान के आखिर में दिव्या ने कहा कि पोस्टर के साथ हुई यह हरकत सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है, लेकिन एक महिला होने के नाते इस घटना के बाद उन्होंने खुद को पहले से ज्यादा असुरक्षित महसूस किया. अब उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग उनकी सोच की सराहना कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.