---विज्ञापन---
इस बॉलीवुड एक्टर को कभी दिलीप कुमार ने दी थी घर लौट जाने की नसीहत, जीते 3 नेशनल अवॉर्ड्स, आज भी फिल्मों से रच रहा इतिहास
Naseeruddin Shah Birthday: महज 16 की उम्र में ये लड़का मुंबई आ गया. कमाई कोई साधन नहीं, जेब खाली हुई तो जरी की फैक्ट्री के हॉल में रातें बिताईं. तीस-चालीस लोगों के साथ फर्श पर सोया. कई बार लोकल ट्रेन में बिना टिकट सफर किया. लेकिन इन संघर्षों ने उसकी जिंदगी बना दी. आगे चलकर ये लड़का भारतीय सिनेमा के सबसे शानदार अभिनेताओं में से एक बना. स्पर्श, मासूम, सरफरोश, ए वेडनेसडे और इश्किया जैसी कई फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से उसने दर्शकों का दिल जीता.
नसीरुद्दीन शाह का जन्मदिन
जी हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार नसीरुद्दीन शाह की, जो आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. नसीरुद्दीन शाहका जन्म 20 जुलाई 1950 को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हुआ था. बेहद ही साधारण परिवार से आए नसीर के पिता चाहते थे कि वो पढ़ाई-लिखाई करके कोई अच्छी नौकरी कर लें. लेकिन नसीर का मन पढ़ाई से ज्यादा थिएटर और एक्टिंग में लगता था. बचपन से ही उन्हें क्रिकेट, फिल्में और नाटक काफी पसंद थे.
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा और फिल्म इंस्टीट्यूट में की पढ़ाई
नसीरुद्दीन शाह ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से भी पढ़ाई की और बाद में उन्होंने पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट में भी ट्रेनिंग ली और एक्टिंद की बारीकियां सीखीं. नसीर उन कलाकारों में से एक हैं, जो आज भी सीखने की कला में विश्वास करते हैं.
पहली फिल्म के लिए मिले 7.50 रुपये
स्ट्रगल के दिनों में नसीरुद्दीन शाह ने फिल्मों में छोटे-मोटे काम करने शुरू किए. साल 1967 में उन्हें पहली बार फिल्म 'अमन' में काम मिला. इस फिल्म के लिए उन्हें सिर्फ 7.50 रुपये मिले थे.
दिलीप कुमार ने दी थी वापस लौट जाने की नसीहत
करियर के शुरुआती दौर में नसीरुद्दीन शाह ने दिलीप कुमार से मुलाकात की थी. दिलीप कुमार उनके परिवार को जानते थे और नसीर भी उनका बहुत सम्मान करते थे. जब नसीर ने उनसे कहा कि वह एक्टर बनना चाहते हैं तो दिलीप कुमार ने उन्हें सलाह दी कि उन्हें वापस घर जाकर पढ़ाई करनी चाहिए. हालांकि इस बात को नसीर ने अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और बाद में उन्होंने साबित कर दिया कि एक्टिंग के क्षेत्र में बहुत बड़ा नाम कमा सकते हैं.
नसीरुद्दीन शाह की फिल्में
अपने फिल्मी करियर में नसीरुद्दीन शाह अबतक 200 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं. उन्होंने 'आक्रोश', 'स्पर्श', 'मंडी', 'अर्ध सत्य', 'मिर्च मसाला' और 'जाने भी दो यारों' जैसी शानदार फिल्मों में काम किया है. इसके अलावा 'कर्मा', 'मोहरा', 'सरफरोश', 'इकबाल', 'ए वेडनेसडे' और 'द डर्टी पिक्चर' जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया.
E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.