---विज्ञापन---
JioHotstar पर मौजूद एक रहस्यमयी बक्सा और बढ़ता सस्पेंस, इस डार्क कॉमेडी थ्रिलर को मिस करने की न करें भूल
अगर आप ऐसी फिल्में देखना पसंद करते हैं जिनमें सस्पेंस, डार्क ह्यूमर और क्राइम का तड़का हो, तो JioHotstar पर हाल ही में आई फिल्म 'लॉर्ड कर्जन की हवेली' आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. यह डार्क कॉमेडी थ्रिलर शुरुआत से लेकर आखिर तक दर्शकों को बांधे रखती है और हर कुछ मिनट में कहानी नया मोड़ लेती नजर आती है.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी लंदन में रहने वाले एक कपल, इरा और बासुकीनाथ के इर्द-गिर्द घूमती है. दोनों का रिश्ता सामान्य नहीं है और उनके बीच अक्सर तनाव देखने को मिलता है. एक दिन इरा के कहने पर बासुकीनाथ उसकी दोस्त के समर हाउस पहुंचता है. वहां इरा की दोस्त और उसका बॉयफ्रेंड रोहित मौजूद होते हैं. पहली नजर में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन घर के हॉल में रखा एक बड़ा और बंद बक्सा कहानी का सबसे बड़ा रहस्य बन जाता है.
कहानी के हर मोड़ पर सस्पेंस
मजाक-मजाक में रोहित दावा करता है कि उस बक्से में लॉर्ड कर्जन की लाश रखी हुई है. शुरुआत में बासुकीनाथ इसे एक मजाक समझता है, लेकिन जब उसे बक्से के भीतर से कुछ अजीब आवाजें सुनाई देने लगती हैं, तो उसका शक बढ़ जाता है. वह बार-बार बक्सा खोलने की मांग करता है, लेकिन कोई उसकी बात नहीं मानता. यहीं से कहानी ऐसा मोड़ लेती है, जो दर्शकों को हैरान कर देता है.
क्या है फिल्म की खासियत?
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका सीमित लेकिन प्रभावशाली सेटअप है. लगभग पूरी कहानी एक ही घर के भीतर घटती है, फिर भी कहीं भी बोरियत महसूस नहीं होती। रहस्य, तनाव और डार्क कॉमेडी का संतुलन इसे खास बनाता है. दर्शक लगातार यह जानने के लिए उत्सुक रहते हैं कि आखिर उस बक्से में क्या छिपा है और लॉर्ड कर्जन का राज क्या है.
दमदार स्टारकास्ट से सजी कहानी
अभिनय की बात करें तो रसिका दुग्गल ने इरा के किरदार में शानदार प्रदर्शन किया है. वहीं परेश पाहुजा, अर्जुन माथुर, जोहा रहमान, तन्मय धनानिया, गैरिक हैगन और अंशुमान झा भी अपनी भूमिकाओं में प्रभावित करते हैं. फिल्म का निर्देशन अंशुमान झा ने किया है.
दर्शकों का मिल रहा भरपूर प्यार
हालांकि, यह फिल्म सिनेमाघरों में बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन ओटीटी पर इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. अगर आप कुछ अलग और रहस्य से भरपूर देखना चाहते हैं, तो 'लॉर्ड कर्जन की हवेली' एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकती है.