---विज्ञापन---
Netflix पर नंबर-1 बनी ये 10 एपिसोड की सीरीज, 8.5 रेटिंग वाली एक्शन थ्रिलर ने मचा दिया तहलका
Netflix Number 1 Series: इन दिनों देश में नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच एजुकेशन सिस्टम पर आधारित एक नई वेब सीरीज ने ओटीटी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. रिलीज होते ही यह सीरीज नेटफ्लिक्स की टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में नंबर-1 पर पहुंच गई है और दर्शकों के बीच खूब चर्चा बटोर रही है.
क्या है सीरीज की कहानी?
साउथ कोरियन एक्शन-थ्रिलर ड्रामा Teach You A Lesson ने अपने दमदार विषय और रोमांचक कहानी की बदौलत कई पॉपुलर सीरीज को पीछे छोड़ दिया है. महज 10 एपिसोड की यह सीरीज शिक्षा व्यवस्था की उन खामियों को सामने लाती है, जिन पर अक्सर खुलकर बात नहीं होती.
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती कहानी
सीरीज की कहानी ऐसे समय की है जब शिक्षकों का सम्मान और अधिकार लगातार कमजोर होते जा रहे हैं. इस समस्या से निपटने के लिए शिक्षा मंत्रालय एक खास संस्था बनाता है, जिसका नाम है टीचर्स अथॉरिटी प्रोटेक्शन ब्यूरो (TAPB)। यह संस्था उन छात्रों और परिवारों के खिलाफ कार्रवाई करती है जो शिक्षकों के अधिकारों का गलत तरीके से उल्लंघन करते हैं.
कैसे बाकी स्कूल ड्रामा से अलग है कहानी?
कहानी में दिखाया गया है कि कैसे यह ब्यूरो स्कूलों में बढ़ती बदमाशी, शक्ति के गलत इस्तेमाल और शिक्षकों के साथ होने वाले अन्याय का सामना करता है. साथ ही यह शिक्षकों को उनका खोया हुआ सम्मान वापस दिलाने की कोशिश भी करता है. एक्शन, सस्पेंस और सामाजिक संदेश का शानदार कॉम्बो इस सीरीज को बाकी स्कूल ड्रामा से अलग बनाता है.
कौन हैं सीरीज के डायरेक्टर?
इस सीरीज का निर्देशन हांग जोंग-चान ने किया है, जबकि इसकी कहानी ली नाम-क्यू, किम दा-ही और मून जोंग-हो ने लिखी है. शो में किम मु-येओल, ली सुंग-मिन, जिन की-जू और प्यो जी-हून जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. सभी कलाकारों के अभिनय की दर्शक और समीक्षक जमकर तारीफ कर रहे हैं.
क्यों आपकी वॉचलिस्ट में होनी चाहिए ये सीरीज?
5 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज ने कुछ ही दिनों में टॉप 10 ट्रेंडिंग लिस्ट में पहला स्थान हासिल कर लिया. इतना ही नहीं, इसे IMDb पर 8.5 की शानदार रेटिंग भी मिली है. अगर आप ऐसी वेब सीरीज देखना पसंद करते हैं जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बात करे, तो Teach You A Lesson आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए.