---विज्ञापन---
ना अच्छा रिव्यू, ना ही कोई बड़ा स्टार, AI से बनी इस पुरानी हॉरर फिल्म का सीक्वल आखिर कैसे बॉक्स ऑफिस पर कर रहा ताबड़तोड़ कमाई
बीते सप्ताह सिनेमाघरों में कई फिल्में रिलीज हुईं. 12 जून, शुक्रवार को कुल छह फिल्में रिलीज हुईं, जिनमें चार बॉलीवुड और दो हॉलीवुड फिल्में शामिल थीं. हालांकि, चार बॉलीवुड फिल्मों के क्लैश के बीच एक ऐसी फिल्म सामने आई है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता', दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा' और मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' को भी पीछे छोड़ दिया है. आइए जानते हैं इस फिल्म के बारे में.
हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट
दरअसल, हम बात कर रहे हैं 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' की, जिसे कई लोग हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स के नाम से भी जानते हैं. यह फिल्म साल 2011 में रिलीज हुई हॉन्टेड 3डी का सीक्वल है, जिसका निर्देशन विक्रम भट्ट ने किया था. पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी, जिसके बाद दर्शक लंबे समय से इसके सीक्वल का इंतजार कर रहे थे. अब हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करती नजर आ रही है.
हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स पर लोगों ने जताई थी निराशा
फिल्म इन दिनों सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है. हालांकि, जब फिल्म का ऐलान हुआ था और इसका ट्रेलर रिलीज किया गया था, तब इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना देखने को मिली थी. कई लोगों ने फिल्म के विजुअल्स पर सवाल उठाए थे, क्योंकि उन्हें AI की मदद से तैयार किया गया था. इसी वजह से ट्रेलर को काफी ट्रोल भी किया गया था. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाक्षय चक्रवर्ती उर्फ मिमोह मुख्य भूमिका में नजर आए हैं. उनके साथ अभिनेत्री चेतना पांडे भी अहम किरदार निभा रही हैं.
एडवांस बुकिंग में मिला फायदा
ट्रेलर को लेकर हुई आलोचना के बावजूद फिल्म को एडवांस बुकिंग में शानदार रिस्पॉन्स मिला. इसके बाद फिल्म के शोज भी बढ़ा दिए गए. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को रिलीज के दिन 2900 से ज्यादा शो मिले, जो अन्य नई फिल्मों की तुलना में काफी अधिक थे.
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर की शानदार कमाई
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन 2.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ अच्छी शुरुआत की। दूसरे दिन यानी शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 3.25 करोड़ रुपये हो गई। रविवार को फिल्म ने 3.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को फिल्म ने 2.20 करोड़ रुपये की कमाई की.
हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स ने दी भारत भाग्य विधाता और मैं वापस आऊंगा को मात
इस तरह फिल्म ने पहले वीकेंड में भारत में 9.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि सोमवार के कलेक्शन को मिलाकर इसकी कुल कमाई 11.57 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. फिल्म को अपनी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी और हॉरर जॉनर का अच्छा फायदा मिलता दिखाई दे रहा है. वहीं, कंगना रनौत की भारत भाग्य विधाता ने चार दिनों में केवल 4.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जबकि दिलजीत दोसांझ की मैं वापस आऊंगा ने चार दिनों में 6.75 करोड़ रुपये की कमाई की है. ऐसे में हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स बॉक्स ऑफिस पर इन दोनों फिल्मों से आगे निकलती नजर आ रही है.