ये बात किसी से छिपी नहीं है कि अरबाज खान और उनकी पत्नी शूरा खान शादी के बाद से ही अपने एज गैप को लेकर अक्सर ट्रोलर्स के निशाने पर रहते हैं। कोई उनकी शादी को सच्चा प्यार बताता है, तो कुछ लोग इसे समझौता करार देते हैं। हालांकि, दोनों ने हमेशा इन आलोचनाओं को नजरअंदाज करते हुए अपनी जिंदगी को अपने अंदाज में जीना पसंद किया है।दरअसल, अरबाज खान इस समय 58 साल के हैं, जबकि उनकी पत्नी शूरा खान 36 साल की हैं। दोनों के बीच करीब 22 साल का उम्र का फासला है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर अक्सर उनके रिश्ते को लेकर सवाल उठते रहते हैं। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब दोनों को एज गैप की वजह से ट्रोल किया गया हो। शादी के बाद से ही यह मुद्दा कई बार चर्चा का विषय बन चुका है।
दिलचस्प बात यह है कि लंबे समय तक शूरा खान ने इस तरह की ट्रोलिंग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। लेकिन अब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अंदाज में ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।हाल ही में शूरा खान ने इंस्टाग्राम पर एक ‘Ask Me Anything’ सेशन रखा, जिसमें उन्होंने फैंस को उनसे सवाल पूछने का मौका दिया। इस दौरान कई लोगों ने उनसे दिलचस्प सवाल किए। वहीं, एक यूजर ने शूरा से पूछा, “क्या आप एक बूढ़े शख्स के साथ खुश हैं?”
यूजर का यह सवाल पढ़कर शूरा ने बेहद मजेदार और सैवेज अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “Seriously? वो कोई बूढ़े शख्स नहीं हैं। वो तो एक लिमिटेड एडिशन विंटेज मॉडल हैं।”शूरा का यह जवाब अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बी-टाउन से लेकर इंटरनेट की दुनिया तक उनके इस सेंस ऑफ ह्यूमर की खूब चर्चा हो रही है। फैंस शूरा की हाजिरजवाबी और आत्मविश्वास की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने बिना नाराज हुए और बिना किसी विवाद के ट्रोलर्स को बेहद शानदार अंदाज में जवाब दिया है। फिलहाल, शूरा खान का यह सैवेज रिप्लाई सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है और फैंस इसे उनके अब तक के सबसे बेहतरीन जवाबों में से एक बता रहे हैं।