Samay Raina Show Indias Got Latent 2: फेमस कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर समय रैना के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. महीनों के विवाद और अटकलों के बाद अब समय रैना का पॉपुलर शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ अपने दूसरे सीजन के साथ धमाका करने वापस आ रहा है. समय रैना ने खुद कम्फर्म किया है कि उनके पॉपुलर कॉमेडी-टैलेंट शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ दूसरा सीजन जल्द ही आने वाला है. इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि इस बार उनके शो को एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिल रहा है. समय ने फैंस को ये गुड न्यूज एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर करते हुए दी है.
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ की घोषणा
कॉमेडियन समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 की घोषणा करते हुए बताया है कि इस बार ये शो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा. इसके साथ ही इसे यूट्यूब पर भी रिलीज किया जाएगा. समय रैना ने 19 जून 2026 को नेटफ्लिक्स इंडिया के साथ इंस्टाग्राम पर एक जॉइन्ट पोस्ट शेयर किया. इस पोस्ट में उन्होंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का प्रोमो वीडियो शेयर किया. प्रोमो की शुरुआत में समय रैना और अमीन खान दिखाई दे रहे हैं, जिसमें अमीन खान बॉडीगार्ड का किरदार निभा रहे हैं. इसी बीच प्रोमो में कॉमेडियन बलराज की भी एंट्री होती है.
नेटफ्लिक्स या यूट्यूब?
वीडियो में समय ने कॉमेडियन बलराज से बात करते हुए उन्हें बताते हैं कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 का हर एपिसोड नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर एक ही दिन और एक ही समय पर रिलीज किया जाएगा. समय कहते हैं कि नेटफ्लिक्स के ऑडियंस को एड्स नहीं देखने पड़ेंगे. इसके अलावा यूट्यूब की तरह यहां कोई कमेंट भी नहीं कर सकता है. इस प्रोमो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘एक बड़े खुलासे का समय आ गया है. नेटफ्लिक्स पर जल्द ही आ रहा है इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2.’ हालांकि, अभी तक इसके रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यह सीजन जुलाई में आ सकता है.