Raghubir Yadav: अमेजन प्राइम वीडियो की बहुचर्चित वेब सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ (Hunkkar: The Roar) को लेकर एक ऐसा शॉकिंग और रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा सामने आया है, जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे. सीरीज में ‘बापजी’ का खूंखार किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव (Raghubir Yadav) को एक बेहद इंटेंस कोर्टरूम सीन की शूटिंग से ठीक एक रात पहले दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ गया था. अस्पताल से लौटने के तुरंत बाद उसी हालत में इस खौफनाक सीन को शूट करने वाले रघुबीर ने खुलासा किया कि इस एक्टिंग के दौरान वह “कम से कम 50 बार मर चुके थे.”
शूटिंग से एक रात पहले आया हार्ट अटैक
डायरेक्टर करण कपाड़िया (Karan Kapadia) ने बिहाइंड द सीन बातचीत में खुलासा किया कि जिस रात कोर्टरूम में गवाही का सबसे अहम सीन शूट होना था, उससे ठीक एक रात पहले रघुबीर यादव को दिल का दौरा पड़ा था और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था.
अस्पताल से लौटकर शूट किया इंटेंस सीन
अपनी खराब सेहत और अस्पताल से लौटने के बावजूद रघुबीर यादव ने बिना किसी नखरे के तुरंत उस भारी-भरकम कोर्टरूम सीक्वेंस की शूटिंग पूरी की. इस अनुभव को याद करते हुए एक्टर ने मजाकिया और दर्द भरे अंदाज में कहा कि उस सीन ने मुझे इतना झकझोर दिया कि उसकी तुलना में मुझे उस हार्ट अटैक में मजा आ रहा था.
बोले- ‘मैं इस सीन को करते वक्त 50 बार मरा हूं’
अपनी एक्टिंग और किरदार में गहराई लाने के बारे में बात करते हुए रघुबीर ने बताया कि उन्होंने इसके लिए जानबूझकर कोई दिखावा नहीं किया, बल्कि शब्द और भावनाएं सीधे अंदर से निकलीं. उन्होंने कहा कि सच कहूं तो इस सीक्वेंस को करते समय मैं कम से कम 50 बार मर चुका था.
बापजी के किरदार और कबूलनामे पर चर्चा
सीन ब्रेकडाउन के दौरान डायरेक्टर करण कपाड़िया और रघुबीर यादव ने चर्चा की कि क्या ‘बापजी’ का वह कबूलनामा कोई सोची-समझी चाल थी या सच्चा पछतावा. रघुबीर ने साफ किया कि अगर यह कोई चाल होती, तो उनके शब्दों से ही इसका अंदाजा लग जाता, लेकिन वह उस वक्त सचमुच गहरे दर्द और हालात से गुजर रहे थे.
क्या है ‘हुंकारः द रोर’ की कहानी?
‘हुंकार: द रोर’ एक 6 एपिसोड की इंटेंस कोर्टरूम ड्रामा और सोशियो-थ्रिलर सीरीज है. इसकी कहानी 17 साल की मीनू रावत (अनीत पड्डा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु ‘बापजी’ (रघुबीर यादव) पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाती है और न्याय की जंग लड़ती है.