भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा है. रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के दूसरे एपिसोड में आम्रपाली ने खुलकर बताया कि वह मां बनना चाहती हैं और इसके लिए वह एक बेटी को गोद लेने का मन बना चुकी हैं. उनकी यह बात सुनकर उनके खास दोस्त और अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए.
क्या बोलीं आम्रपाली दुबे?
शो के दौरान आम्रपाली ने कहा कि वह काफी समय से इस बारे में सोच रही हैं. उन्होंने बताया कि परिवार में छोटे-छोटे बच्चों के साथ समय बिताने के बाद उनके अंदर मां बनने की इच्छा और मजबूत हो गई. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरे अंदर जो ममता है, उसका हक किसी बच्चे को मिलना चाहिए. मुझे अपनी जिंदगी में मदरहुड चाहिए और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं.’
बेटी की बनना चाहती हैं मां
आम्रपाली ने यह भी साफ किया कि वह एक बेटी को गोद लेना चाहती हैं. उनका मानना है कि बच्चा उनकी जिंदगी की पहली प्राथमिकता है. इसके बाद अगर सही साथी मिला तो शादी भी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि वह अरेंज मैरिज नहीं करना चाहतीं और फिलहाल उन्हें शादी के लिए कोई ऐसा इंसान नहीं मिला, जिसके साथ वह अपनी जिंदगी बिताने का फैसला कर सकें.
निरहुआ की आम्रपाली को सलाह
आम्रपाली की बात सुनकर निरहुआ ने उन्हें सलाह दी कि बच्चे की जिम्मेदारी आसान नहीं होती. उन्होंने कहा कि एक कलाकार होने के नाते लगातार काम करना पड़ता है और बच्चे की परवरिश के लिए पूरा समय देना जरूरी होता है. निरहुआ ने यह भी पूछा कि क्या उन्होंने इस फैसले के बारे में अपने परिवार से बात की है.
आम्रपाली को है घरवालों का डर
इस पर आम्रपाली ने बताया कि उन्होंने अभी तक घरवालों को कुछ नहीं बताया है, क्योंकि उन्हें उनके रिएक्शन का डर है. हालांकि, उन्हें विश्वास है कि परिवार उनकी खुशी चाहेगा, लेकिन सबसे पहले शादी की बात जरूर करेगा. इस पर निरहुआ ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘तो पहले शादी कर लो.’
मां बनना है आम्रपाली का सपना
आम्रपाली ने जवाब दिया कि उनकी जिंदगी में फिलहाल सबसे जरूरी सपना मां बनना है. वह चाहती हैं कि परिवार की सहमति से बेटी को गोद लें और उसके बाद अपने करियर के साथ-साथ उसकी परवरिश पर भी पूरा ध्यान दें. एक्ट्रेस का यह खुलासा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस भी उनके फैसले पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.