Juan Atkins Dies: म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर अमेरिकी म्यूजिशियन, DJ और प्रोड्यूसर जुआन एटकिंस का 64 साल की उम्र में निधन हो गया है. डेट्रॉइट टेक्नो म्यूजिक के शुरुआती दिग्गजों में शामिल जुआन के जाने से उनके फैंस और म्यूजिक की दुनिया से जुड़े लोग सदमे में हैं. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
होटल के कमरे में बेहोश मिले थे जुआन
जुआन एटकिंस का निधन 31 अक्टूबर को हुआ था. उनकी मैनेजमेंट एजेंसी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, वह मेक्सिको सिटी में एक परफॉर्मेंस के लिए गए थे. इसी दौरान उन्हें होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में पाया गया. इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
किसने शेयर की ये दुखद खबर?
उनकी मैनेजमेंट एजेंसी ने ऑफीशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर कर निधन की दुखद खबर शेयर की. हालांकि, अभी तक उनकी मौत की असल वजह का खुलासा नहीं किया गया है. उनके अचानक चले जाने से दुनियाभर में उनके चाहने वाले दुखी हैं.
फैंस ने दी दिग्गज DJ को श्रद्धांजलि
जुआन एटकिंस के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उन्हें याद करने वालों का तांता लग गया. फैंस ने उनके म्यूजिक और अपनी जिंदगी पर पड़े उनके प्रभाव को याद किया. एक फैन ने बताया कि 1992 में यॉर्कशायर के मशहूर नाइट क्लब में जुआन को डेट्रॉइट टेक्नो बजाते सुनना उनके लिए यादगार अनुभव था. उन्होंने लिखा कि जुआन के लिए उनके दिल में हमेशा खास जगह रहेगी और टेक्नो म्यूजिक के प्रति उनका प्यार कभी खत्म नहीं होगा.
फैंस ने भावुक होकर किया याद
वहीं, दूसरे फैंस ने उन्हें शानदार DJ और प्रोड्यूसर बताते हुए श्रद्धांजलि दी. कई लोगों ने उनके म्यूजिक के योगदान के लिए शुक्रिया भी अदा किया.
कौन थे जुआन एटकिंस?
जुआन एटकिंस का जन्म 12 सितंबर, 1962 को अमेरिका के डेट्रॉइट में हुआ था. वह इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक की दुनिया का एक बड़ा नाम थे. उन्हें डेट्रॉइट टेक्नो म्यूजिक के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है. वह ‘बेलेविले थ्री’ के प्रमुख सदस्यों में शामिल थे. इसके अलावा, उन्होंने ‘साइबोट्रॉन’ और ‘बॉर्डरलैंड’ जैसे म्यूजिक प्रोजेक्ट्स के जरिए भी अपनी अलग पहचान बनाई थी.