E24 Exclusive: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना इन दिनों एक्ट्रेस शरवरी वाघ के साथ अपनी आने वाली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के प्रमोशन को लेकर बिजी चल रहे हैं. हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं. सूरज बड़जात्या की इस फिल्म में आयुष्मान खुराना पहली बार बॉलीवुड के आइकॉनिक ‘प्रेम’ के किरदार में नजर आएंगे. हालांकि, उनके लिए ये किरदार पाना और निभाना आसान नहीं था. हाल ही में आयुष्मान खुराना ने बताया कि उन्होंने फिल्म में ‘प्रेम’ रोल करने के लिए खुद से डायरेक्टर सूरज बड़जात्या को अप्रोच किया था. चलिए आपको पूरा मामला समझाते हैं.
डायरेक्टर की ‘हां’ का इंतजार
दरअसल, हाल ही में E24 की संवाददाता यास्मीन शेख को दिए एक इंटरव्यू में एक्टर आयुष्मान खुराना और डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ से जुड़े कई रोचक किस्से शेयर किए. इस दौरान आयुष्मान और सूरज फिल्म की कास्टिंग पर भी बात की. जहां उन्होंने बताया कि इस फिल्म में ‘प्रेम’ का किरदार पाने के लिए खुद आयुष्मान खुराना ने डायरेक्टर सूरज बड़जात्या को कॉल किया था. इसके बाद भी उन्हें डायरेक्टर की ‘हां’ का इंतजार करना पड़ा.
सपने के सच होने जैसा…
E24 की संवाददाता यास्मीन शेख ने आयुष्मान खुराना से उनकी कास्टिंग को लेकर सवाल किया और पूछा कि जब आपको यह कॉल आया कि सलमान, ऋतिक और शाहिद के बाद अब आप सूरज बड़जात्या सर की फिल्म में ‘प्रेम’ बनने वाले हैं, तो आपको कैसा लगा? इसके जवाब में आयुष्मान ने कहा, ‘मैं बहुत एक्साइटेड था, क्योंकि हर एक्टर की एक ‘बकेट लिस्ट’ होती है कि उसे अपनी जिंदगी में क्या-क्या करना है. मैंने अपनी फिल्मों में अक्सर ऐसे किरदार निभाए हैं जिनमें कई कमियां थीं; मुझे ऐसे परफेक्ट किरदार निभाने का मौका बहुत कम मिलता है और न ही ऐसी परफेक्ट सेटिंग मिलती है. इस रोल में मुझे ‘प्रेम’ के रूप में डायरेक्ट करने के लिए सूरज बड़जात्या सर से बेहतर और कौन हो सकता था? तो, यह ‘प्रेम’ वाला मौका मिलना किसी सपने के सच होने जैसा था.’
असल में…
अपनी बात पूरी करते हुए आयुष्मान ने आगे कहा, ‘सच कहूं तो, यह इतना अच्छा था कि यकीन ही नहीं हुआ. हां, उनका कॉल आया, लेकिन असल में इस रोल के लिए मैंने उनसे कॉन्टैक्ट किया था. सच में, हमने ही इसके लिए उन्हें फोन किया था. मैंने कहा, सर, मैं ‘प्रेम’ बनना चाहता हूं.’
मुझे एक मजबूत…
वहीं, इस बारे में बात करते हुए डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने कहा कि जब उनके पास आयुष्मान का कॉल आया, तब वह बहुत सोच-समझकर आगे बढ़ना चाहते थे. इसलिए उन्होंने काफी लंबा इंतजार किया, क्योंकि उन्हें एक मजबूत आधार (बेस) की जरूरत थी. क्योंकि वह जानते हैं कि आयुष्मान कैसे एक्टर हैं. लेकिन उन्हें खुशी है कि आयुष्मान ने रोल किया.