म्यूजिक इंडस्ट्री को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब हरियाणवी सिंगर और एक्टर अंकित बालियान की हत्या की खबर सामने आई, बुधवार शाम उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस खबर ने उनके फैंस और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उनकी मां बेटे के पार्थिव शरीर को देखकर फूट-फूटकर रोती नजर आईं. तो, बहन अंशु बालियान भाई को याद कर लगातार भावुक पोस्ट शेयर कर रही हैं.
कब हुआ अंकित पर हमला?
जानकारी के मुताबिक, अंकित पर उस वक्त हमला हुआ जब वह जिम से बाहर निकल रहे थे. बताया जा रहा है कि चार बदमाशों ने उन पर करीब 20 राउंड फायरिंग की. इस दौरान एक गोली अंकित के सिर में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में भी दहशत का माहौल है.
‘मेरा भाई कहां गया तू’
अंकित की बहन अंशु ने सोशल मीडिया पर भाई के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं. एक वीडियो में परिवार अंकित के पार्थिव शरीर के पास रोता-बिलखता दिखाई दे रहा है. मां की हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं.
भाई के लिए बहन का पोस्ट
अंशु ने भाई को याद करते हुए लिखा, ‘अंकित क्या हुआ भाई ये…’ वहीं एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘मेरा भाई कहां गया तू, आजा भाई वापस.’ अंशु ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन सुबह ही उनकी भाई से बात हुई थी. कुछ ही घंटों बाद अंकित की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया.
परिवार ने मांगा इंसाफ
अंकित की हत्या के बाद परिवार और उनके चाहने वालों में काफी गुस्सा है. अंशु ने सोशल मीडिया के जरिए भाई के लिए इंसाफ की मांग की है. उनके पोस्ट पर फैंस भी दुख जताते हुए परिवार को हिम्मत दे रहे हैं.
मौत से दो घंटे पहले शेयर किया था वीडियो
अंकित ने मौत से करीब दो घंटे पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था. इसमें वह काफी खुश नजर आ रहे थे और हरियाणवी अंदाज में गाना गाते दिखे. किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह उनका आखिरी वीडियो बन जाएगा.
सदमे में परिवार और फैंस
अंकित सिंगर होने के साथ-साथ एक्टर और यूट्यूबर भी थे. उन्हें ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ जैसे गानों से खास पहचान मिली थी. 35 साल की उम्र में उनका यूं दुनिया से चले जाना उनके परिवार और फैंस के लिए किसी सदमे से कम नहीं है. सोशल मीडिया पर उनके आखिरी वीडियो और पुराने पोस्ट देखकर फैंस भावुक हो रहे हैं और दिवंगत सिंगर की आत्मा की शांति के लिए दुआ कर रहे हैं.