सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. फिल्म के एक गाने को लेकर इंडिपेंडेंट सिंगर सरगम वैश ने मेकर्स पर बिना इजाजत उनके गाने का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने दावे के सबूत भी दिखाए हैं. साथ ही उन्होंने फिल्म की टीम से गाना हटाने की मांग की है और ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही है.
‘ऐगिरि नंदिनी’ को लेकर विवाद
सरगम वैश का दावा है कि फिल्म के ट्रेलर में उनके गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ के करीब 25 सेकेंड के हिस्से का इस्तेमाल किया गया है. उनका कहना है कि इसके लिए उनसे किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई. सिंगर ने अपने वीडियो में बताया कि वह करीब तीन साल से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और इसमें इस्तेमाल की गई मास्टर फाइल, प्रोडक्शन और वोकल्स उनके ही हैं.
क्या बोले सिंगर?
सरगम ने वीडियो में ट्रेलर का टाइमस्टैंप भी बताया और दावा किया कि 1 मिनट 8 सेकेंड से 1 मिनट 33 सेकेंड के बीच उनके गाने का इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ डील साइन की है और अगर इस इस्तेमाल से उस डील पर कोई असर पड़ता है, तो इसकी जिम्मेदारी भी संबंधित लोगों की होगी.
सिंगर ने दी लीगल एक्शन की चेतावनी
सरगम ने ‘द वन’ की टीम से अपील की है कि ट्रेलर और फिल्म से उनके गाने को हटा दिया जाए. उन्होंने साफ कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनकी लीगल टीम इस मामले को देखेगी. सिंगर के वीडियो पर CBFC सदस्य और म्यूजिक कंपोजर रिकी केज ने भी सवाल किया.
म्यूजिक कंपोजर रिकी केज का सवाल
उन्होंने पूछा कि जब गाना अभी रिलीज ही नहीं हुआ था, तो फिल्म की टीम तक इसकी मास्टर रिकॉर्डिंग कैसे पहुंची? इसके जवाब में सरगम ने बताया कि यह गाना पहले ही एक दूसरी बड़ी फिल्म के लिए दिया जा चुका था, लेकिन वह प्रोजेक्ट अभी रिलीज नहीं हुआ था. उनका दावा है कि किसी दूसरे माध्यम से यह गाना ‘द वन’ तक पहुंचा.
मेकर्स की तरफ से अभी जवाब नहीं
सरगम के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर भी यूजर्स इस मामले पर रिएक्शन दे रहे हैं. कुछ लोगों ने सिंगर को ट्रेलर पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाने की सलाह दी है. हालांकि, अभी तक ‘द वन’ के मेकर्स की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक रिएक्शन सामने नहीं आया है.
‘मिर्जापुर द मूवी’ के गाने पर भी लगा था आरोप
बता दें, कि हाल ही में ‘मिर्जापुर द मूवी’ के गाने को लेकर भी एक कलाकार ने बिना अनुमति इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था. ऐसे में म्यूजिक क्रेडिट और कॉपीराइट को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ को दीपक कुमार मिश्रा ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं, जबकि सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. फिल्म में माइथोलॉजी, मिस्ट्री और जंगल की कहानी का मेल देखने को मिलेगा. यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.