Suraiya and Dev Anand Love Story: आज हम आपको हिंदी सिनेमा की एक ऐसी मशहूर अदाकारा से मिलवा रहे हैं, जिन्होंने अपनी खूबसूरती, दमदार एक्टिंग और मधुर आवाज से लाखों लोगों के दिलों पर राज किया है. फिल्मों में बेहरीन अदाकारी के साथ ही एक्ट्रेस ने कई लोकप्रिय हिंदी गाने गाए, जो आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं. इनका नाम हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार देव आनंद से जुड़ा. दोनों एक-दूसरे को काफी चाहते थे, लेकिन कभी एक न हो पाए.
बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा
हम बात कर रहे हैं हिंदी सिनेमा की लीजेंडरी अदाकारा सुरैया की, जिनका फिल्मों में आने का कोई सपना नहीं था, लेकिन एक फिल्म की शूटिंग देखने के लिए वो सेट पर पहुंची और यहीं से उनकी किस्मत बदल गई. 15 जून 1929 को लाहौर में जन्मीं सुरैया का पूरा नाम सुरैया जमाल शेख था. बाद में उनका परिवार मुंबई आकर बस गया.

डायरेक्टर ने देखते ही फिल्म में दिया रोल
सुरैया का फिल्मी दुनिया में आना उनके मामा एम. जहूर की वजह से हुआ, जो फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे. बहुत छोटी उम्र में ही सुरैया ने ऑल इंडिया रेडियो के बच्चों के कार्यक्रम में गाना शुरू कर दिया था. उनकी मीठी आवाज का हर कोई दीवाना हो गया था. बाद में सुरैया की फिल्मों में एंट्री हो गई. ताजमहल फिल्म में उन्हें डायरेक्टर ने देखते ही कास्ट कर लिया था और मुमताज महल का किरदार दे दिया था. सुरैया के लिए ये बहुत बड़ा मौका था और इसके बाद उन्होंने कभी मुड़कर नहीं देखा.
सुरैया के गाने
फिल्मों में बेतरीन अदाकारी के साथ ही सुरैया ने शानदार गाने गाए. ‘मेरे दिल की सजन समझा दो’ और ‘ये रेल हमारे घर की देखो’ जैसे गानों से शुरुआत करते हुए सुरैया ने ‘दिल-ए-नादां तुझे हुआ क्या है’, ‘तू मेरा चांद, मैं तेरी चांदनी’, ‘वो पास रहे या दूर’, ‘तारारी तारारी’, ‘ओ दूर जानेवाले’, ‘मन मोर हुआ मतवाला’, ‘धीरे-धीरे आ रे बादल’, ‘चुप-चुप खड़े हो जरूर कोई बात है’, ‘ये ना थी हमारी किस्मत’ जैसे गानों में मधुर आवाज दी.

देव आनंद से था प्यार
सुपरस्टार और देव आनंद और सुरैया की जोड़ी उस समय सुपरहिट मानी जाती थी. दोनों ने ‘अनमोल घड़ी’, ‘प्यार की जीत’, ‘विद्या’, ‘दिल्लगी’, ‘बड़ी बहन’, ‘शायर’, ‘दास्तान’, ‘अफसर’, ‘सनम’, ‘दीवाना’, ‘मिर्जा गालिब’ समेत कई अन्य शानदार फिल्मों में काम किया. बड़े पर्दे पर दोनों की जोड़ी ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया. ऐसे में उनकी प्रेम कहानी भी खूब चर्चा में रही. बताया जाता है कि सुरैया देव आनंद से शादी भी करना चाहती थीं, हालांकि परिवार और धर्म की वजह से दोनों की शादी नहीं हो सकी. ये प्रेम कहानी अधूरी ही रह गई.
कभी नहीं रचाई शादी
सुरैया की खूबसूरती और अदाकारी इस तरह थी कि उन्हें देखने के लिए घर के बाहर भीड़ लग जाती थी. सालों फिल्मों में काम करने के बाद सुरैया ने धीरे-धीरे फिल्मों से दूरी बना ली. इस दौरान उन्होंने कभी शादी नहीं की और अपना जीवन सादगी से बिताया और आखिरकार 31 जनवरी 2004 को 74 वर्ष की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.