Smit Machchhar: इंडियन पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की आज हर जगह चर्चा हो रही है. उन्होंने अपने जान की परवाह किए बिना हाईजैक प्लेन को सुरक्षित लैंड कराया और प्लेन में मौजूद यात्रियों को भी बचाया. आज हर कोई कैप्टन स्मित की इस बहादुरी और सूझबूझ को सलाम कर रहा है. कई बॉलीवुड सेलेब्स ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कैप्टन की तारीफ की है.
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को बॉलीवुड स्टार्स ने किया सलाम
रवीना टंडन, सोनम कपूर, कंगना रनौत, कुणाल कपूर, शमिता शेट्टी और रिद्धिमा कपूर साहनी समेत कई बॉलीवुड सितारों ने कैप्टन स्मित की बहादुरी को सलाम किया. रवीना टंडन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर कर स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की थी. एक्ट्रेस सोनम कपूर ने भी पायलट के हौसले को सराहा.
शेफ कुणाल कपूर ने कही ये बात
एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने स्मित मच्छार की बहादुरी और समझदारी की तारीफ की. शेफ कुणाल कपूर ने पायलट को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा कि, ‘कैप्टन स्मित मच्छार ने उस समय जब हर सेकंड बेहद जरूरी था, शानदार हिम्मत दिखाई. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए कोशिश जारी रखी और 174 लोगों को सुरक्षित निकालने में मदद की.’ खुद से पहले दूसरों के बारे में सोचना बहुत साहस का काम है, खासकर ऐसी स्थिति में. उनकी बहादुरी, सूझ-बूझ और हिम्मत को दिल से सलाम.
कैप्टन स्मित मच्छार ने बचाई 174 यात्रियों की जान
आज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को पूरी दुनिया सलाम कर रही है. कैप्टन स्मित मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) में सूझबूझ और अदम्य साहस दिखाते हुए 174 से अधिक यात्रियों की जान बचाई. दरअसल उड़ान के दौरान कॉकपिट में उनके ओमानी को-पायलट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं. हमले के बाद प्लेन अचानक तेजी से नीचे आने लगा. लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्री, क्रू मेंबर और ऑफ-ड्यूटी पायलट अंदर आ सके और फिर प्लेन को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया.