Entertainment News Live Update: भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल ‘नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स’ को लेकर इस बार कुछ ऐसा होने जा रहा है, जो पिछले 72 सालों के इतिहास में कभी नहीं हुआ. हर साल दिल्ली में आयोजित होने वाला यह भव्य समारोह पहली बार राजधानी से बाहर आयोजित किया जाएगा. इस बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के जश्न के लिए गुजरात के एकता नगर को चुना गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का समारोह 22 सितंबर को एकता नगर, गुजरात में आयोजित किया जाएगा. खास बात यह है कि इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी. एकता नगर को पहले केवड़िया के नाम से जाना जाता था और यह दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के लिए दुनियाभर में मशहूर है.
72 साल पुरानी परंपरा बदली
नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की शुरुआत साल 1954 में हुई थी. तब से यह सम्मान भारतीय सिनेमा के कलाकारों, टेक्नीशियनों और फिल्मों को उनकी बेहतरीन उपलब्धियों के लिए दिया जाता रहा है. लंबे समय तक दिल्ली का विज्ञान भवन इस समारोह का प्रमुख ठिकाना रहा है. ऐसे में समारोह को गुजरात ले जाने का फैसला अपने आप में काफी खास माना जा रहा है.
इस बार पुरस्कार समारोह का माहौल भी बेहद खास होने वाला है. एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के साए में देशभर के फिल्मी सितारे और सिनेमा जगत की दिग्गज हस्तियां एक साथ नजर आएंगी. 597 फीट ऊंची इस प्रतिमा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में किया था.
इन सितारों को मिलेगा बड़ा सम्मान
बता दें, कि 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा जुलाई में ही की जा चुकी है. ‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म चुना गया है. इसी फिल्म के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिलेगा.
वहीं बेस्ट एक्टर का सम्मान ममूटी को ‘भ्रमयुगम’ और कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए दिया जाएगा. रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर चुना गया है. इसके अलावा प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन स्टारर ‘कल्कि 2898 एडी’ को बेस्ट पॉपुलर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा.
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में 26 अगस्त को रिलीज हुई थी. फिल्म की रिलीज के 13 दिनों में कमाई में गिरावट देखने को मिली. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक टॉक्सिक ने रिलीज के 13वें दिन सिर्फ 66 लाख रुपये का कलेक्शन किया है. इस दिन फिल्म की कमाई में 12वें दिन के मुकाबले 1.76 करोड़ की गिरावट दर्ज की है. सोमवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी सिर्फ 17.2 प्रतिशत रही और कुल शोज 1354 ही चले. फिल्म ने हिंदी में सिर्फ 20 लाख रुपये, कन्नड़ भाषा में 44 लाख रुपये और तेलुगु में सिर्फ 2 लाख रुपये का कारोबार किया है. भारत में टॉक्सिक ने 246.41 करोड़ का कलेक्शन किया है. वहीं, वर्ल्डवाइड इसकी कमाई 337.39 करोड़ रुपये पहुंच गई है. 500 करोड़ के भारी बजट में बनी इस फिल्म के लिए अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है. वहीं विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा पर आधारित है. फिल्म को रिलीज के बाद कोई खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था. हालांकि रिलीज के तीसरे हफ्ते में इसकी कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली और चौथे हफ्ते में इसने 60 करोड़ से भी ज्यादा का कारोबार किया. फिल्म उसके बाद से ही लगातार बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. इतना ही 32 दिनों में इसने 100 करोड़ से भी ज्यादा का कारोबार कर लिया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 9.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. हालांकि, फिल्म की कमाई में 31वें दिन के मुकाबले 13.25 करोड़ रुपये की गिरावट आई है. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 36 प्रतिशत रही और कुल शोज 7,343 चले. फिल्म ने 32 दिनों में भारत में शानदार कमाई कर ली है. इसने भारत में कुल 131.63 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 155.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.