Isha Rikhi: ‘बिग बॉस 20’ में पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी की एंट्री के बाद उनकी पर्सनल लाइफ एक बार फिर चर्चा में आ गई है. रैपर बादशाह के साथ शादी और फिर तलाक की खबरों के बीच ईशा अब सलमान खान के रियलिटी शो में नजर आ रही हैं. ऐसे में फैंस की नजरें इस बात पर भी हैं कि क्या शो के घर में ईशा की किसी कंटेस्टेंट के साथ नजदीकियां बढ़ेंगी या कोई नया लव एंगल देखने को मिलेगा, लेकिन ईशा ने इस सवाल का जवाब देकर साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका रोमांस करने का कोई इरादा नहीं है.
‘लव एंगल हुआ तो राखी बांध दूंगी’
शो में एंट्री से पहले ईशा रिखी ने मीडिया से बातचीत में बिग बॉस के घर में रिलेशनशिप और लव एंगल को लेकर खुलकर बात की. जूम को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह घर में किसी के साथ रोमांटिक रिश्ता बना सकती हैं, तो एक्ट्रेस ने मजेदार अंदाज में जवाब दिया.

लव एंगल पर ईशा का जवाब
ईशा ने कहा कि वह बिल्कुल भी लव एंगल में दिलचस्पी नहीं रखतीं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर घर में किसी लड़के के साथ ऐसा कुछ होता हुआ लगा, तो वह उसे राखी बांध देंगी. ईशा के इस बयान ने साफ कर दिया कि फिलहाल उनका फोकस प्यार या नए रिश्ते पर नहीं, बल्कि खुद पर है.
‘पहले खुद पर काम करना चाहती हूं’
ईशा ने बताया कि उनके लिए फिलहाल रोमांटिक रिश्ते के दरवाजे बंद हैं. वह पहले खुद पर काम करना चाहती हैं और अपनी जिंदगी को बेहतर तरीके से संभालना चाहती हैं. हालांकि, एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया कि उनका प्यार से भरोसा पूरी तरह नहीं उठा है.

ईशा को प्यार पर विश्वास
ईशा के मुताबिक, वह आज भी प्यार, दोस्ती और रिश्तों में विश्वास करती हैं. उनका मानना है कि प्यार बहुत खूबसूरत और साफ एहसास है, लेकिन जिंदगी के कुछ अनुभव इंसान को थोड़ा कड़वा जरूर बना देते हैं.
बादशाह संग तलाक पर नहीं करेंगी बात
ईशा रिखी ने बिग बॉस में जाने से पहले यह भी साफ किया था कि वह शो में बादशाह के साथ अपने तलाक को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करेंगी. हालांकि, इससे पहले इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने इशारा जरूर किया था कि बिग बॉस में आने के बाद लोगों को कई चीजों की सच्चाई खुद पता चल जाएगी.

मार्च में सामने आई थी शादी की खबर
बादशाह और ईशा रिखी की शादी की खबरें इसी साल मार्च में सामने आई थीं. ईशा की मां ने सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की तस्वीरें शेयर की थीं. इसके बाद ईशा ने भी बादशाह को अपना पति बताया था. हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच अनबन की खबरें सामने आने लगीं. आखिरकार 31 अगस्त को दोनों ने तलाक की घोषणा कर फैंस को हैरान कर दिया. बहरहाल, अब ईशा रिखी का ‘बिग बॉस 20’ में सफर कितना दिलचस्प रहता है, और क्या वह वाकई लव एंगल से दूर रहती हैं, यह सब देखना बेहद दिलचस्प होने वाला है.