Entertainment News Live: सिंगर दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस मामले में अब दलेर मेहंदी के छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह ने खुलकर अपनी बात रखी है. 23 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीका ने बताया कि जब उन्होंने अपने बड़े भाई को फोन किया, तो उनकी आंखों में आंसू थे. यह सुनकर मीका भी भावुक हो गए. उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई बातचीत का भी जिक्र किया और मंत्री सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी से माफी मांगने की अपील की.
बड़े भाई को रोता देख भावुक हुए मीका
मीका सिंह ने बताया कि उन्हें इस पूरे विवाद की जानकारी सूरत में अपना कार्यक्रम खत्म करने के बाद मिली थी. उन्होंने उसी रात दलेर मेहंदी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई. अगले दिन जब उन्होंने दोबारा अपने बड़े भाई को फोन किया, तो दलेर मेहंदी भावुक हो गए और रोने लगे.
मीका ने बताया कि वह अपने बड़े भाई के साथ काफी खुलकर बात करते हैं. आमतौर पर वह उनकी तबीयत खराब होने के बावजूद काम करने पर उन्हें डांट भी सकते थे, लेकिन इस बार दलेर मेहंदी के आंसुओं ने उन्हें परेशान कर दिया. मीका ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति में क्या कहें.
CM धामी ने मांगी माफी
मीका सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनसे फोन पर बात की और मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से माफी मांगी. मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि अगली बार जब वह और दलेर मेहंदी उत्तराखंड आएंगे, तो उनका पूरा सम्मान किया जाएगा.
मीका ने मुख्यमंत्री के व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं और उनके साथ अच्छे संबंध हैं, उन्होंने यह भी साफट किया कि इस मामले में मुख्यमंत्री की कोई गलती नहीं थी.
मंत्री सुबोध उनियाल से मीका की खास अपील
मीका सिंह ने कहा कि अब इस विवाद को खत्म करने का समय है. उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से गुजारिश की कि वह दलेर मेहंदी को फोन करके माफी मांग लें. मीका के मुताबिक, दलेर मेहंदी को शराबी कहे जाने से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा कि उनकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं है और न ही वह झगड़ा करना चाहते हैं. हालांकि, उनके मुताबिक, जो हुआ वह गलत था और उन्हें उम्मीद है कि मंत्री अपनी ओर से पहल करेंगे.
आखिर क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दलेर मेहंदी उत्तराखंड के नई टिहरी में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में परफॉर्म कर रहे थे. इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके कार्यक्रम को बीच में रोककर मंच पर ही उन्हें टोका था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया. अब देखना होगा कि मीका सिंह की अपील के बाद मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से क्या रिएक्शन आता है.
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना की स्पाय कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कमाई करते हुए आज एक दिन पूरा हो गया है. Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की नई फिल्म ‘उड़ता तीर’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 4.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो उम्मीद से काफी कम था. लेकिन जिस तरह से ‘उड़ता तीर’ को लोगों के रिव्यू मिले हैं, उसे देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई के साथ हिट साबित होगी. वैसे, पहले दिन फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 4.83 करोड़ रुपये रहा.