Rashmika Mandanna Reveals Bedroom Secret: साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी फिल्म ‘रणबली’ और ‘कॉफी विद करण 9’ में अपने शादी वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया और खबरों में छाई हुई हैं. लेकिन इस बार रश्मिका मंदाना अपने एक नए बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने पति विजय देवरकोंडा के बारे में बात करते हुए बताया कि पीरियड्स के दौरान विजय उनके पेट की मालिश करते हैं. उनका इस तरह केयर करना रश्मिका को बहुत पसंद आता है. चलिए जानते हैं कि रश्मिका ने और क्या-क्या रिवील किया है.
रश्मिका ने किया खुलासा
रश्मिका मंदाना ने व्हिस्पर के नए कैंपेन ‘पीरियड्स बट बिंदास’ के लिए कोलैबोरेट किया. इस दौरान रश्मिका ने अपने पहले पीरियड के डर और उलझन के बारे में बताया था. हाल ही में मिड-डे को दिए इंटरव्यू में रश्मिका मंदाना ने अपने पीरियड्स के बारे में बात करते हुए बताया कि इस दौरान उनके पति विजय देवरकोंडा उनकी बहुत अच्छे से देखभाल करते हैं.
मैं मर ही जाऊंगी…
इस दौरान रश्मिका ने अपने पहले पीरियड्स के बारे में भी बात करते हुए बताया कि जब उन्हें पहली बार पीरियड्स हुए, तो उन्हें लगा जैसे वह मर ही जाएंगी. रश्मिका ने कहा, ‘मैं सदमे में थी और किसी से बात करने से डर रही थी. मुझे याद है कि मैं तौलिये मोड़कर पैड की तरह इस्तेमाल करती थी क्योंकि मुझे पता ही नहीं था कि सैनिटरी पैड जैसी कोई चीज भी होती है. पता नहीं क्यों, मुझे लगा कि यह सिर्फ एक बार की बात है.’
वो मेरे पेट पर…
रश्मिका ने बताया कि शादी के बाद उन्होंने कभी घर पर पीरियड्स के बारे में बात नहीं की. लेकिन इसके बाद भी उनके पति विजय देवरकोंडा दर्द के मामले में बहुत समझदार हैं. रश्मिका ने कहा, ‘वो मेरी स्थिति को समझते हैं और जानते हैं कि मुझे ऐसा क्यों महसूस हो रहा है. मैं अपनी फीलिंग को खुलकर सामने रखती हूं. अगर बिना किसी वजह के मेरा मन उदास हो जाता है, तो मैं उनसे कह देती हूं, ‘सुनो, कुछ दिनों में मेरे पीरियड्स शुरू होने वाले हैं, और मुझे बस तुम्हारे साथ रहने की जरूरत है.’ मैं उन्हें पहले ही थोड़ा इशारा दे देती हूं. एक आदमी होने के नाते आप इससे ज्यादा उम्मीद नहीं कर सकते. आखिर गर्भाशय तो निकाला नहीं जा सकता. लेकिन यह जानकर सुकून मिलता है कि वो मेरे साथ हैं. वो मेरे पेट पर हाथ फेरते हैं और मेरे पैर दबाते हैं क्योंकि उन्हें लगता है, ‘मैं बस इतना ही कर सकता हूं.’
फिल्म इंडस्ट्री में पीरियड्स लीव…
रश्मिका कहती हैं कि वह उन बदनसीब महिलाओं में से एक हैं जिन्हें पीरियड्स के दौरान बहुत तेज दर्द सहना पड़ता है. रश्मिका ने कहा, ‘मुझे इस महीने पीरियड्स शुरू होने वाले हैं और मुझे अभी से घबराहट हो रही है.’ जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री में पीरियड्स लीव पर बात हो रही है, तो इसके जवाब में रश्मिका ने कहा, ‘जब तक आप हड्डी नहीं तोड़ते, तब तक आप हड्डी टूटने का दर्द नहीं समझ सकते. आज, इंडस्ट्री में महिलाएं हायर पोस्ट पर हैं, लेकिन दुखद सच्चाई यह है कि उन्हें इन सुविधाओं के बिना काम करना पड़ा है; इसलिए यह उनके लिए नॉर्मल बात बन गई है.’