Box Office Collection: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस शनिवार भी रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) की बादशाहत पूरी तरह कायम रही. एक तरफ जहां शुक्रवार को रिलीज हुई आयुष्मान खुराना की ‘ये प्रेम मोल लिया’ और इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर जी9’ ने शनिवार को अपनी रफ्तार बढ़ाई वहीं 24वें दिन भी ‘रामायण’ ने छप्परफाड़ कमाई करते हुए भारत में 1015 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है. आइए जानते हैं शनिवार को किस फिल्म के खाते में कितने करोड़ आए…
‘रामायण’ ने चौथे शनिवार को कमाए इतने करोड़
रणबीर कपूर यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ रिलीज के 24 दिन बाद भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में पूरी तरह कामयाब हो रही है. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के 24वें दिन यानी चौथे शनिवार को 14.65 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया है जिससे भारत में इसकी कुल नेट कमाई 1015.20 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है.
‘ये प्रेम मोल लिया’ की कमाई में दूसरे दिन आया उछाल
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी आयुष्मान खुराना और शरवरी की फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने पहले दिन शुक्रवार को 4 करोड़ रुपये के साथ खाता खोला था. सोशल मीडिया पर मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स का फायदा फिल्म को शनिवार को मिला और दूसरे दिन इसने भारत में 5.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया जिससे दो दिनों की कुल नेट कमाई 9.25 करोड़ रुपये हो गई है जबकि शनिवार का ग्रॉस कलेक्शन 6.30 करोड़ रुपये रहा.
‘गनमास्टर जी9’ ने शनिवार को पकड़ी रफ्तार
इमरान हाशमी और जेनेलिया डिसूजा स्टारर फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ की शुरुआत भी शुक्रवार को 3.65 करोड़ रुपये के साथ धीमी रही थी. हालांकि वीकेंड का फायदा उठाते हुए फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार को 4.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है और इसका ग्रॉस कलेक्शन 5.20 करोड़ रुपये रहा जिससे दो दिनों में फिल्म की कुल नेट कमाई 8 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
धनुष और ममूटी की ‘ओम’ ने दूसरे शनिवार कमाए 3.33 करोड़
बॉक्स ऑफिस पर चल रही धनुष और ममूटी स्टारर फिल्म ‘ओम’ ने शुरुआती सात दिनों में 69.30 करोड़ रुपये का अच्छा कारोबार किया था लेकिन दूसरे हफ्ते में इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने रिलीज के 9वें दिन यानी दूसरे शनिवार को 3.33 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है और इसके साथ ही 9 दिनों में भारत में इसकी कुल नेट कमाई 75.10 करोड़ रुपये हो गई है.
संडे के कलेक्शन पर टिकीं सबकी नजरें
शनिवार की बढ़त ने नई रिलीज हुई दोनों फिल्मों ‘ये प्रेम मोल लिया’ और ‘गनमास्टर जी9’ को बड़ी राहत दी है क्योंकि वीकेंड के आखिरी दिन यानी रविवार को इनकी कमाई में और इजाफा होने की उम्मीद है. वहीं दूसरी तरफ ‘रामायण’ जिस रफ्तार से चौथे हफ्ते में भी डबल डिजिट में कमाई कर रही है उसे देखते हुए रविवार को यह कई और बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है.