Suspense Thriller: ओटीटी पर एक से बढ़कर एक सस्पेंस-थ्रिलर फिल्में मौजूद हैं. लेकिन आज हम जिस फिल्म के बारे में बता रहे हैं उसकी बात ही अलग है. 11 साल बाद भी इस फिल्म की दीवानगी कम नहीं हुई है. इन दिनों ओटीटी पर इसकी कहानी ने तहलका मचाया हुआ है. चलिए इसके बारे में जानते हैं.
कौनसी फिल्म?
सिनेमाघरों में इन दिनों अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन छाई हुई है. इसी बीच फिल्म का पहला पार्ट ‘दृश्यम’ ओटीटी पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है. दृश्यम साल 2015 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. उस समय ये फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी और अब 11 साल बाद ओटीटी पर अचानक टॉप ट्रेंडिंग में छा गई है. इस फिल्म का निर्देशन निशिकांत कामत ने किया था. इसे आप प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
दृश्यम फ्रैंचाइजी
‘दृश्यम’ की रिलीज को 11 साल का समय बीत गया है, लेकिन 11 सालों के बाद भी ये मूवी फैंस के बीच सुर्खियों में है. हाल ही में रिलीज हुई ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ के बीच दर्शक इसकी कहानी फिर से देख रहे हैं. दृश्यम फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म ‘दृश्यम’ आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे शानदार सस्पेंस थ्रिलर मूवी मानी जाती है. इसका दूसरा पार्ट साल 2022 में रिलीज हुआ था और हाल ही इसका तीसरा पार्ट आया है. इस फ्रैंचाइजी की तीनों फिल्मों को दर्शकों ने खूब सराहा है.
दृश्यम की कहानी
दृश्यम की कहानी विजय सालगांवकर (अजय देवगन) नाम के व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है. विजय की बड़ी बेटी से अनजाने में ब्लैकमेल करने वाले आईजी के बेटे सैम की मौत हो जाती है. ऐसे में विजय अपने परिवार को जेल जाने से बचाने के लिए एक मास्टर प्लान बनाता है. वो फिल्मों से सीखे दिमागी खेल का इस्तेमाल करके ऐसी चाल चलता है, जिसे पुलिस चाहकर भी नहीं तोड़ पाती. अंत में, विजय सैम की लाश को चालाकी से निर्माणाधीन पुलिस स्टेशन के फर्श के नीचे दफना देता है और सबूत न मिलने के कारण पुलिस के सामने जीत जाता है. IMDb पर फिल्म को 8.2 की दमदार रेटिंग मिली है.