हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार शाह रुख खान सिर्फ फिल्मों के बादशाह ही नहीं, बल्कि क्रिकेट की दुनिया में भी बड़ा नाम बन चुके हैं. आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मालिक शाहरुख खान ने अब ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने उनके क्रिकेट के सपने को नई ऊंचाई दे दी है. नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका के लॉस एंजेलिस में अपने नाम से एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तैयार कराया है. इसके साथ ही नाइट राइडर्स दुनिया का पहला ऐसा ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है, जिसके पास अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है.
शाहरुख खान ने शेयर की खुशी
इस खास उपलब्धि की जानकारी खुद शाहरुख खान ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए दी. उन्होंने लिखा कि जो सपना कभी सिर्फ एक कल्पना था, वह आज हकीकत बन चुका है. उनके मुताबिक, दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में शामिल क्रिकेट को लॉस एंजेलिस जैसे बड़े शहर तक पहुंचाना पूरे नाइट राइडर्स परिवार के लिए गर्व का पल है.
क्या बोले ‘किंग खान’?
शाहरुख ने बताया कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है. फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स ग्रुप की साझेदारी का मकसद ऐसी जगह तैयार करना है, जहां खेल के साथ-साथ मनोरंजन, परिवार और कम्युनिटी का भी जश्न मनाया जा सके. उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम आने वाले समय में लॉस एंजेलिस में क्रिकेट का नया घर बनेगा और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों व फैंस को प्रेरित करेगा.

किसको शाहरुख खान ने बोला धन्यवाद
अपने पोस्ट में शाहरुख खान ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह का भी धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि यह पहल अमेरिका में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी. बता दें, कि नाइट राइडर्स ग्रुप आज दुनिया के सबसे सफल टी20 क्रिकेट ब्रांड्स में शामिल है.

नाइट राइडर्स ग्रुप में कितने खिताब हैं दर्ज?
इस ग्रुप के नाम अब तक कुल 9 खिताब दर्ज हैं. इसके तहत कोलकाता नाइट राइडर्स (आईपीएल), ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (कैरेबियन प्रीमियर लीग), अबू धाबी नाइट राइडर्स (ILT20) और लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स (मेजर लीग क्रिकेट) जैसी चार बड़ी टी20 फ्रेंचाइजियां खेलती हैं.

शाहरुख खान का सपना हुआ पूरा!
फिल्मों में करोड़ों दिलों पर राज करने वाले शाहरुख खान अब क्रिकेट की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. लॉस एंजेलिस में नाइट राइडर्स के नाम से बना यह नया स्टेडियम सिर्फ एक खेल परिसर नहीं, बल्कि उनके उस बड़े विजन का प्रतीक है, जिसके जरिए वह क्रिकेट को दुनिया के नए बाजारों तक पहुंचाना चाहते हैं.