Raza Murad: गुरुवार 24 सितंबर की शाम को एक्टर मुश्ताक खान का निधन हो गया. मुश्ताक खान लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. कुछ दिनों पहले उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहीं उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. फिल्म इंडस्ट्री में करीब 4 दशकों से ज्यादा के समय से जुड़े मुश्ताक खान ने एक से बढ़कर एक किरदार निभाए. उन्होंने कई बड़े कलाकारों संग काम किया.
निधन के बाद 25 सितंबर को मुंबई में मुश्ताक खान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया. उनकी अंतिम विदाई में कई जाने-माने कलाकार पहुंचे. दिग्गज एक्टर रजा मुराद भी मुश्ताक खान की अंतिम विदाई में शामिल हुए थे. हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए इस बात पर नाराजगी जताई कि मुश्ताक खान की अंतिम यात्रा में बॉलीवुड के बड़े सितारें नहीं हुए. वीडियो के जरिए रजा मुराद ने सवाल उठाया कि बॉलीवुड का कोई भी बड़ा चेहरा आखिर मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि और सम्मान देने क्यों नहीं पहुंचा. उन्होंने बिना किसी का नाम लेते हुए पूरी इंडस्ट्री पर तंज कसा है.
बड़े सितारों पर क्यों भड़के रजा मुराद?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए रजा मुराद ने कहा, ‘दोस्तों जैसा कि आप जानते हैं कि मुश्ताक खान आज हमारे बीच नहीं रहे. कल उनका अंतिम संस्कार किया गया. उन्हें दफन किया गया. लेकिन, अफसोस की बात यह है कि ऐसे मौके पर कोई भी स्टार जिसे हम स्टार कहते हैं, वो उन्हें अपना आखिरी सलाम पेश करने नहीं आया. जबकि बहुत से उनके साथी, उनके कलीग्स, एक्टर्स सब आए. लेकिन कोई बड़ा चेहरा नहीं आया. हां, अगर किसी उद्योगपति के बेटे की शादी होती तो ये स्टार ना सिर्फ वहां शिरकत करते बल्कि वेटर्स की तरह यह मेहमानों को सर्व भी करते. वहां या जब कोई पॉलिटिकल पार्टी अपना डंडा दिखाती है तो ये वहां पर भीगी बिल्ली की तरह पहुंच जाते हैं. लेकिन उस शख्स के जनाजे पर इन्होंने शिरकत नहीं की जिसने अपने 50 साल इस फिल्म इंडस्ट्री को दिए. पूरी जिंदगी दे दी. और आप उनके लिए 50 मिनट भी नहीं निकाल पाए. ये मत भूलिए कि आज जो आपका चमकदार चेहरा है कल ये भी मुरझा जाएगा. कल ये चेहरा भी अंधेरे में डूब जाएगा. अगर कोई चीज आपके काम आएग तो आपका अच्छा व्यवहार, आपके आमाल है और कुछ काम नहीं आने वाला. मुश्ताक खान अपने बलबूते पर बहुत बड़ा नाम बनाया था. ना उन्होंने कभी किसी की दलाली की, ना उन्होंने किसी की चमचागिरी की. वो सिर्फ अपने काम के बल पर यहां तक पहुंचे थे.’
शोहरत और दौलत को लेकर कही ये बात
वीडियो में आगे रजा मुराद ने कहा, ‘उन्हें ना तो पहले कभी आपकी जरूरत पड़ी थी और ना जिंदगी के बाद पड़ेगी. हां इस बात का अफसोस जरूर रहेगा हम सबको कि इंडस्ट्री में शायद ही ऐसा कोई स्टार होगा, जिसके साथ मुश्ताक खान ने काम नहीं किया, लेकिन इनमें से किसी के भी पास उन्हें आखिरी सलाम देने के लिए चंद मिनट नहीं थे. एक बात याद रखिए ये शोहरत, ये दौलत ये इज्जत हमेशा नहीं रहती. शोहरत की बुलंदी भी एक पल का तमाशा है. जिस शाख पर बैठे हो वो टूट भी सकती है. ये बात ये बात याद रखना.’