Mirzapur: The Movie: ओटीटी पर अपनी जबरदस्त पहचान बनाने वाली ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है. फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है. हाल ही में फिल्म का दमदार टीजर रिलीज हुआ था, जिसने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी. अब मेकर्स ने फिल्म के कुछ नए कैरेक्टर पोस्टर्स जारी किए हैं, जिन्होंने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है.
फिल्म के धांसू पोस्टर रिलीज
जारी किए गए पोस्टर्स में जितेंद्र कुमार एक बार फिर ‘बबलू पंडित’ के किरदार में नजर आ रहे हैं. हाथ में बंदूक लिए उनका दमदार अंदाज साफ बता रहा है कि इस बार लड़ाई पहले से ज्यादा खतरनाक होने वाली है. वहीं अभिषेक बनर्जी अपने लोकप्रिय किरदार ‘कंपाउंडर’ के लुक में दिखाई दिए हैं. सबसे ज्यादा चर्चा रवि किशन के पोस्टर की हो रही है, जिसमें वह ‘बब्बन बबुआ’ के रूप में बेहद रौबदार और इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे हैं. उनका लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पोस्टर में नजर आए ये किरदार
इन पोस्टर्स को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार ‘मिर्जापुर’ की कहानी सिर्फ गद्दी की लड़ाई तक सीमित नहीं रहेगी. सत्ता, सियासत और खूनी खेल का दायरा पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होने वाला है. टीजर में भी मेकर्स ने कहानी का ज्यादा खुलासा नहीं किया, लेकिन इतना जरूर दिखाया कि नए किरदारों की एंट्री से कहानी में कई बड़े ट्विस्ट आने वाले हैं. इतना ही नहीं, इस बार कहानी मिर्जापुर की गलियों से निकलकर रेगिस्तान तक पहुंचती नजर आएगी.

धांसू स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, रसिका दुग्गल, सोनल चौहान, अभिषेक बनर्जी, जितेंद्र कुमार और रवि किशन समेत कई दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

फैंस की एक्साइटमेंट हाई
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने मिलकर बनाया है. इसके निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
यह मोस्ट अवेटेड फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. खास बात यह है कि फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगु भाषा में भी रिलीज की जाएगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि ओटीटी पर राज करने वाली ‘मिर्जापुर’ बड़े पर्दे पर भी वही भौकाल कायम रख पाती है या नहीं.