Mandana Karimi: एक्ट्रेस मंदाना करीमी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर चौंका देने वाले खुलासे किए. मंदाना का दावा है कि वो पिछले करीब 6 साल से साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न और स्टॉकिंग का सामना कर रही हैं. एक्ट्रेस के मुताबिक, भारत छोड़कर दुबई जाने के बाद भी ये परेशानी खत्म नहीं हुई. हाल ही में एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और कुछ ईमेल के स्क्रीनशॉट शेयर कर इस विषय पर खुलकर बात की.
6 साल से क्यों परेशान मंदाना करीमी?
अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए मंदाना करीमी ने बताया कि कोई अंजान व्यक्ति उनके प्रोफेशनल सर्कल के लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है. एक्ट्रेस के मुताबिक, प्रोड्यूसर्स और को-स्टार्स को ऐसे ईमेल भेजे जा रहे हैं जिनमें उनके बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें लिखी होती हैं. एक्ट्रेस ने ये भी दावा किया कि कुछ लोगों से उनके नाम पर पैसे मांगे गए. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कौन उनके खिलाफ इस तरह की गतिविधियां कर रहा है और उसकी मंशा क्या है. एक्ट्रेस के मुताबिक, ऐसा करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर उनकी जिंदगी से काम, पैसा और दोस्त तक खत्म करना चाहता है.
एक्ट्रेस को आ रहे फर्जी ईमेल
मंदाना ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने खुद इस मामले की तह तक जाने के लिए किसी व्यक्ति को नियुक्त किया था. एक्ट्रेस के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली कि किसी ने उनकी सोशल मीडिया पोस्ट्स पर नजर रखने के लिए कथित तौर पर एक ‘प्रोफेशनल हैकर’ की मदद ली थी. एक्ट्रेस ने ये भी कहा कि कुछ लोगों को ‘मीनाक्षी’ नाम से ईमेल मिल रहे हैं. उनके मुताबिक, ये ईमेल किसी फर्जी अकाउंट से भेजे जा रहे हैं और उनमें उनके बारे में गलत बातें कही जाती हैं. अपने सोशल हैंडल पर एक्ट्रेस ने इस विषय पर विस्तार से बात रखी है. मैसेज वीडियोज के साथ ही मंदाना ने ईमेल के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं.
पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहीं मंदाना करीमी
बता दें मंदाना करीमी अपनी निजी जिंदगी को लेकर पहले भी सुर्खियों में रही है. उन्होंने बिजनेसमैन गौरव गुप्ता से 2017 में शादी की थी. दोनों का रिश्ता 4 साल ही चला और 2021 में उनका तलाक हो गया. मंदाना ने अपने वैवाहिक जीवन के दौरान पति और ससुरालवालों पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे और दावा किया था कि उन्हें अपना करियर छोड़ने के लिए भी कहा गया था.