Dipika Kakar Health: टीवी की मशहूर अदाकारा दीपिका कक्कड़ काफी समय से स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं. इसकी जानकारी खुद एक्ट्रेस ने अपने व्लॉग के जरिए दिया था. इस गंभीर बीमारी की वजह से दीपिका का लंबे समय से इलाज जारी है. हालांकि आए दिन उन्हें नई-नई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. एक्ट्रेस की तबीयत दोबारा खराब होने लगी है.
दीपिका कक्कड़ को हुई नई समस्या
दरअसल हाल ही में दीपिका कक्कड़ ने अपनी हेल्थ अपडेट दी. एक्ट्रेस ने बताया कि अब उनकी जिंदगी में नई मुश्किलें आ गई हैं. शोएब के लेटेस्ट व्लॉग में दीपिका को अस्पताल के बेड पर लेटा हुआ देखा जा सकता है. अस्पताल के कमरे में लेटी दीपिका काफी कमजोर नजर आ रही हैं. उनके पति शोएब कहते हैं कि उनकी पत्नी दीपिका को आयरन की कमी हो गई है. उनके खून में आयरन इतना कम हो गया है कि उन्हें आईवी इन्फ्यूजन के जरिए आयरन दिया जा रहा है.
अब कैसी है दीपिका कक्कड़ की तबियत?
शोएब ने बताया कि इस ट्रीटमेंट के दौरान डॉक्टर्स को पता चला कि दीपिका के शरीर में दो गांठें हैं. गांठ का पता चलने के बाद एक्ट्रेस की इम्यूनोथेरेपी चल रही थी. दीपिका कहती हैं कि वो थेरेपी से पूरी तरह टूट गई हैं. हालांकि उन्होंने फैंस को यकीन दिलाया कि वो जल्द ही रिकवर हो जाएंगी. वीडियो में एक्ट्रेस कहती हैं कि उनकी तबीयत खराब है. इम्यूनोथेरेपी से पहले डॉक्टर्स ने उन्हें कुछ दवाएं दी थी जिसकी वजह से उन्हें अभी थोड़ी सुस्ती और कमजोरी लग रही है. लेकिन चिंता करने वाली कोई बात नहीं है.

दीपिका कक्कड़ कहती हैं कि इस मुश्किल वक्त में उनका परिवार उनकी ढाल बना हुआ है. उनके पति शोएब हमेशा उनके साथ खड़े हैं. बता दें पिछले एक साल से दीपिका फिल्मी दुनिया से बिल्कुल दूर हैं और अपना इलाज करवा रही हैं. यूट्यूब पर वीडियो के जरिए दीपिका अक्सर अपना हेल्थ अपडेट शेयर करती रहती हैं.
टीवी से मिली पहचान
करियर की बात करें तो, दीपिका कक्कड़ को टीवी सीरियल ‘ससुराल सिमर का’ से घर-घर पहचान मिली थी. इसके बाद उन्होंने बिग बॉस में हिस्सा लिया और ट्रॉफी अपने नाम कर ली थी. हालांकि पिछले एक साल वो बस अपनी तबियत पर ध्यान दे रही हैं.