Sai Pallavi: साउथ सिनेमा इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा साई पल्लवी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशन में लगी हुई हैं. हाल ही में रामायण की स्टार कास्ट अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ पहुंची. यहां बिग बी ने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे से कई सवाल किए. फिल्म में साई माता सीता का किरदार निभा रही हैं. शो के दौरान बिग बी ने एक्ट्रेस से एक पर्सनल सवाल किया, जिसका जवाब साई पल्लवी ने कुछ ऐसा दिया कि वहां बैठा हर कोई हंस पड़ा.
KBC पहुंची ‘रामायण’ की टीम
दरअसल, ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में पहुंचीं साई पल्लवी से अमिताभ बच्चन ने पूछा कि वो अपने जीवनसाथी में कौन-सी खूबियां देखना चाहती हैं, तो एक्ट्रेस ने बड़ी ही सादगी से अपनी पसंद बता दी. एक्ट्रेस ने जवाब देते हुए कहा कि उन्हें ऐसा इंसान चाहिए जो अच्छा हो, स्वार्थी न हो और अपनी गलतियों को स्वीकार करना जानता हो. इतना ही नहीं, साई ने ये भी कहा कि अगर उनके पार्टनर को खाना बनाना आता हो, तो ये और भी अच्छी बात होगी.
साई पल्लवी को कैसा पति चाहिए?
शो के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने साई पल्लवी से पूछा कि शादी के लिए वो अपने जीवनसाथी में कौन-कौन से गुण देखना चाहती हैं तो इसके जवाब में साई ने कहा, ‘सबसे पहले तो उसे एक अच्छा इंसान होना चाहिए. उसे बहुत ज्यादा स्वार्थी नहीं होना चाहिए. वो ऐसा व्यक्ति हो जो आत्म-चिंतन करता हो, जो अपने कामों पर नजर रखता हो. यानी उसे इस बात की समझ हो कि वो जीवन में कहां खड़ा है, उससे गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उसे उन्हें सुधारना भी आना चाहिए. ऐसा नहीं होना चाहिए कि वो अपनी गलती के लिए दूसरों को दोष दे. कोई बहुत लंबी लिस्ट तो नहीं है, बस उसे एक अच्छा इंसान होना चाहिए और अगर उसे खाना बनाना भी आता हो, तो और भी अच्छा है.’ साई की इस बात से साफ है कि उनके लिए रिश्ते में दिखावे से ज्यादा इंसान का स्वभाव और अपनी जिम्मेदारी समझना मायने रखता है.
‘रामायण’ फिल्म के बारे में
बात करें नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ की तो ये फिल्म दो पार्ट में तैयार हुई है. फिल्म का टोटल बजट करीब 4,000 करोड़ है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल हनुमान जी के किरदार में हैं. फिल्म की कास्ट में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल और विवेक ओबेरॉय जैसे शानदार कलाकार भी शामिल हैं. रामायण का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में दिवाली के आसपास आने की उम्मीद है.