The Paradise Box Office Collection Day 2: तेलुगु सुपरस्टार नानी और राघव जुयाल की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘पैराडाइज’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए आज पूरे 2 दिन हो गए हैं. फिल्म ने पहले दिन शानदार कमाई करते हुए बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग दर्ज कराई थी. लेकिन फिल्म के लिए दूसरा दिन कुछ खास अच्छा नहीं रहा. दरअसल, दूसरे दिन फिल्म की कमाई में करीब 57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, इसके बाद भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों रुपये का कलेक्शन किया है. इसे देखते हुए कहा जा सकता है कि गिरावट के बावजूद फिल्म ने दूसरे दिन अच्छा-खासा कारोबार किया है. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर इस फिल्म ने दूसरे दिन कितनी कमाई की है.
‘पैराडाइज’ के दूसरे दिन का कलेक्शन
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, तेलुगु स्टार नानी और राघव जुयाल की बहुचर्चित फिल्म ‘पैराडाइज’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 14.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. पहले दिन की कमाई के मुकाबले फिल्म के कलेक्शन में 57.0 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. दूसरे दिन फिल्म ने हिंदी में 1.50 करोड़ रुपये, तमिल में 30 लाख रुपये और तेलुगु में 13.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इसके साथ ही फिल्म ‘पैराडाइज’ ने भारत में अब तक कुल 61.15 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. फिल्म की कमाई में आई गिरावट आने वाले दिनों के लिए चिंता की बात हो सकती है.
दूसरे दिन की कुल ऑक्यूपेंसी
श्रीकांत ओडेला के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘पैराडाइज’ की कमाई के साथ-साथ इसकी ऑक्यूपेंसी में भी गिरावट दर्ज की गई. दूसरे दिन पूरे भारत में फिल्म के 7,049 शो चलाए गए, जिनकी कुल तेलुगु ऑक्यूपेंसी 32.8 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे दिन सुबह के शो में 24.62 प्रतिशत, दोपहर के शो में 38.62 प्रतिशत, शाम के शो में 42.62 प्रतिशत और रात के शो में 47.08 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई.
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
हालांकि, नानी और राघव जुयाल की फिल्म ‘पैराडाइज’ ने वर्ल्डवाइड लेवल पर अच्छा प्रदर्शन किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एक्शन थ्रिलर फिल्म ने दो दिनों में दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 99 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.