Alpha Box Office Collection Day 7: आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर फिल्म ‘अल्फा’ ने बॉक्स ऑफिस पर 7 दिन पूरे कर लिए हैं. रिलीज के पहले वीकेंड के बाद फिल्म की कमाई लगातार गिरती जा रही है. दर्शकों को इसकी कहानी कुछ पसंद नहीं आ रही. सात दिन में फिल्म 50 करोड़ रुपये का भी आंकड़ा नहीं कर पाई है.
हर दिन गिर रही ‘अल्फा’ की कमाई
3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म अल्फा ने पहले दिन 9.25 करोड़ से धीमी शुरुआत की थी. इसके बाद शनिवार यानी रिलीज के दूसरे दिन फिल्म ने 11.50 करोड़ और तीसरे दिन रविवार को 13.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं सोमवार के दिन फिल्म की कमाई में बुरी तरह गिरावट देखने को मिली और ये फिल्म चौथे दिन मात्र 3.85 करोड़ कमा सकी. पांचवें दिन 4.25 करोड़ और छठे दिन फिल्म ने 2.85 करोड़ का बिजनेस किया.
सात दिन में ही अल्फा की कमाई ओपनिंग डे के मुकाबले काफी कम हो गई है. अब कल शुक्रवार यानी 10 जुलाई को नई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होंगी, ऐसे में ‘अल्फा‘ के लिए चुनाैती और बढ़ जाएगी.
सातवें दिन की कमाई
अब बात करें 7वें दिन यानी गुरुवार की कमाई के बारे में तो सातवें दिन, ‘अल्फा’ ने ₹2.60 करोड़ की नेट कमाई की. इसके साथ ही, भारत में फिल्म का टोटल ग्रॉस कलेक्शन ₹56.66 करोड़ और टोटल नेट कलेक्शन ₹47.55 करोड़ हो गया है. विदेशों में फिल्म ने कुल ₹21.30 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है, जिससे इसकी दुनिया भर में कुल ग्रॉस कमाई ₹77.96 करोड़ हो गई है.

‘धमाल 4’ देगी ‘अल्फा’ को टक्कर?
अब शुक्रवार 10 जुलाई को सिनेमाघरों में अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ रिलीज होने जा रही है. इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला है. सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म ‘धमाल 4’ के एडवांस बुकिंग में 57321 टिकट बिक गए हैं. देश भर में इसे 7894 शो मिले हैं. ऐसे में एडवांस बुकिंग से ‘धमाल 4’ ने 1.45 करोड़ रुपये की कमाई पहले ही कर चुकी है. उम्मीद है कि पहले दिन ये फिल्म अच्छी कमाई कर सकती है. ऐसे में ‘अल्फा’ के लिए आने वाले दिन बॉक्स ऑफिस पर और भी मुश्किल हो सकते हैं.