Sonarika Bhadoria Supports Katrina Kaif Body Shaming: बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ बेटे विहान को जन्म देने के बाद से लाइमलाइट से दूर हैं. हाल ही में उन्हें पति विक्की कौशल के साथ मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के घर गणेश उत्सव के मौके पर देखा गया था. यहां से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इंटरनेट पर कई लोगों को कैटरीना का नया लुक पसंद नहीं आया. हालांकि, हरे रंग की ड्रेस में एक्ट्रेस बेहद खूबसूरत लग रही थीं, लेकिन इसके बाद लोगों का ध्यान उनके शरीर में आए बदलावों पर चला गया. कई लोगों ने कैटरीना को इसके लिए ट्रोल भी किया. इसी बीच टीवी की पार्वती यानी एक्ट्रेस सोनारिका भदौरिया ने कैटरीना कैफ को सपोर्ट किया है. चलिए जानते हैं कि टीवी एक्ट्रेस ने इस बारे में क्या कहा है.
फूटा टीवी की ‘पार्वती’ का गुस्सा
टीवी सीरियल ‘देवों के देव… महादेव’ और ‘पृथ्वी वल्लभ – इतिहास भी रहस्य भी’ जैसे शोज में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस सोनारिका भदौरिया ने कैटरीना कैफ की बॉडी शेमिंग पर रिएक्ट किया है. उन्होंने डिलीवरी के बाद महिलाओं के शरीर में होने वाले बदलावों पर खुलकर बात की. इसके साथ ही उन्होंने ट्रोलर्स को आड़े हाथ लेते हुए कैटरीना और उनके जैसी दूसरी मांओं की बॉडी शेमिंग करने की कड़े शब्दों में निंदा की.

‘कोई सफाई देने की जरूरत नहीं…’
सोनारिका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘यह सिर्फ कैटरीना के बारे में नहीं है. यह हर उस मां के बारे में है जिसे तब आंका जाता है जब उसका शरीर अभी ठीक हो रहा होता है. उसके शरीर ने एक इंसान को जन्म दिया, पाला-पोसा और उसे जन्म दिया. जन्म के बाद उसका शरीर कैसा दिखता है, इसके लिए उसे किसी को कोई सफाई देने की जरूरत नहीं है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘आप एक मां हैं. आप शक्तिशाली हैं. आप सम्माननीय हैं और इस दुनिया में जीवन लाने के लिए आपको खुद को छोटा करने, बदलने या माफी मांगने की जरूरत नहीं है. आत्मविश्वास से खड़ी रहें. अपनी जगह बनाएं. खुद से बेहिचक प्यार करें. डिलीवरी के बाद आपका शरीर आपकी शर्म नहीं है- यह आपकी कहानी है, आपकी ताकत है, आपका प्रमाण है.’

400 करोड़ का बिजनेस
इसके अलावा सोनारिका ने एक इन्फ्लुएंसर का वीडियो भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया, जिसमें कैटरीना के मां बनने के बाद पहली बार पब्लिकली सामने आने पर हो रही ट्रोलिंग की आलोचना की गई है. इन्फ्लुएंसर ने बताया कि एक्ट्रेस ने नवंबर 2025 में बच्चे को जन्म दिया था और उनका शरीर अभी भी रिकवरी के दौर में है. इन्फ्लुएंसर ने उन लोगों की भी निंदा की, जो इस समय कैटरीना का मजाक उड़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कैटरीना एक ब्यूटी क्वीन होने के साथ-साथ 400 करोड़ रुपये का बिजनेस भी चलाती हैं और एक बेहद सफल एक्ट्रेस हैं.