रणवीर सिंह के लिए पिछला दौर भले ही उतार-चढ़ाव भरा रहा हो, लेकिन ‘धुरंधर’ की जबरदस्त कामयाबी ने एक्टर के करियर को नई उड़ान दी है. फिल्म के दोनों पार्ट्स ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया. इस बड़ी सफलता के बाद रणवीर सिंह भगवान गणपति का आशीर्वाद लेने मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दरबार में माथा टेकने पहुंचे, लेकिन इस बार उनकी बप्पा के दरबार में मौजूदगी सिर्फ शुक्रिया अदा करने तक सीमित नहीं रही. एक्टर ने यहां एक ऐसा संकल्प लिया, जिसकी चर्चा अब हर ओर हो रही है.
बप्पा के सामने रणवीर ने लिया संकल्प
रणवीर सिंह बीती रात सफेद कुर्ता-पजामा पहनकर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे. उन्होंने गणपति बप्पा की पूजा की और अपने परिवार के लिए बीते साल को खुशियों से भरा बताया. न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में रणवीर ने कहा कि मैं यहां आया बप्पा के दर्शन किए और उन्हें धन्यवाद किया. इस दौरान एक्टर ने अपने इस खास संकल्प के बारे में भी खुलासा किया.
क्या है वो संकल्प जो रणवीर ने लिया?
रणवीर सिंह ने बताया कि वो पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर शुरू हुई पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ से वो जुड़ना चाहते हैं, और उन्होंने इसके तहत 1000 बेटियों को पढ़ाने का संकल्प लिया है.
एक्टर ने बप्पा का लिया आशीर्वाद
इतना ही नहीं एक्टर ने कहा, ‘आगे के सफर के लिए बप्पा का आशीर्वाद लिया. गणेश चतुर्थी के इस शुभ अवसर पर और हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के मौके पर मैं सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर 1000 बेटियों की पढ़ाई में मदद करने का संकल्प लेता हूं.’
क्या है सेवा संकल्प अभियान?
आपको जानकर हैरानी होगी, रणवीर सिंह के अलावा इस अभियान के साथ आलिया भट्ट-रणबीर कपूर भी जुड़ चुके हैं. उन्होंने 20 स्कूलों के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया. बताया जा रहा है ये अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच चलेगा, जिसमें और भी कई सेलेब्स जुड़कर अपनी सेवाएं दे सकते हैं.
वर्क फ्रंट पर रणवीर सिंह
वर्कफ्रंट की बात करें, तो ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह के पास कई बड़े प्रोजेक्ट हैं. इन दिनों वह जय मेहता की फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग में बिजी हैं. फिल्म की शूटिंग फिलहाल मुंबई में चल रही है. इस प्रोजेक्ट में रणवीर के साथ साउथ एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन नजर आएंगी. ऐसे में एक तरफ जहां रणवीर अपनी फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में हैं, वहीं दूसरी ओर 1000 बेटियों की शिक्षा में मदद करने का उनका संकल्प भी सुर्खियों में हैॉ.