Tiger Shroff Viral Video: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया था. 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए थे. अब इस मामले के कुछ दिनों बाद टाइगर की टीम ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है.
टाइगर के शरीर पर दिखे चोट के निशान
टाइगर श्रॉफ की टीम ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘भगवान दयालु हैं.’ इस पोस्ट के जरिए टीम ने मुश्किल हालात में अभिनेता के सुरक्षित बचने पर भगवान का शुक्रिया अदा किया है. वीडियो में टाइगर के शरीर पर चोट के निशान नजर आ रहे हैं, जिन्हें लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है.
पट्टियों में नजर आए थे टाइगर
दरअसल, फायरिंग की घटना के बाद टाइगर की चोटों और पट्टियों वाली कुछ तस्वीरें सामने आई थीं. हालांकि, इसके करीब दो दिन बाद उनकी कुछ ऐसी तस्वीरें भी वायरल हुईं, जिनमें चोट के निशान साफ नजर नहीं आ रहे थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी चोटों को लेकर सवाल उठाए. अब टीम की ओर से शेयर किया गया यह वीडियो उन्हीं चर्चाओं के बीच सामने आया है.
फायरिंग केस में अब तक 10 गिरफ्तारियां
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच जारी है. खबर के मुताबिक, अब तक इस केस में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गुरुवार को चार अन्य आरोपियों को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया. पुलिस ने आरोपियों की हिरासत 31 अक्टूबर तक बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने 26 अक्टूबर तक की ही अनुमति दी.
पुलिस हिरासत में आरोपी
इससे पहले बुधवार को तीन मुख्य आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था. उन्हें 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया. ताकि मामले में आगे पूछताछ की जा सके.
18 अक्टूबर को हुई थी फायरिंग
यह घटना 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी. बताया गया कि टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं. इस हमले में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है.