Shirdi Sai Baba Fame Sudhir Dalvi Health Update: टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘शिरडी के साई बाबा’ में साई बाबा का किरदार निभाने वाले एक्टर सुधीर दलवी अपनी बीमारी और खराब आर्थिक स्थिति की वजह से चर्चा में हैं. जानकारी के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर 2025 में सेप्सिस की वजह से सुधीर की तबीयत काफी खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस बीमारी के इलाज के लिए सुधीर को लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा. इस दौरान उनके परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब हो गई. हालात यहां तक पहुंच गए कि उनके परिवार के पास मेडिकल बिल भरने के लिए पैसे नहीं थे. इस मुश्किल घड़ी में सुधीर दलवी के परिवार को बॉलीवुड एक्टर्स की तरफ से मदद मिली. रणबीर कपूर, कार्तिक आर्यन और अक्षय कुमार जैसे एक्टर्स ने सुधीर दलवी के परिवार को आर्थिक मदद दी.
अब कैसी है सुधीर दलवी की तबीयत?
सुधीर दलवी की पत्नी सुहास दलवी ने बॉलीवुडस्पाइस के लिए सुभाष के झा को दिए एक इंटरव्यू में कहा, ‘वह (एक्टर सुधीर दलवी) अभी घर पर हैं। उन्हें अभी भी वॉकर की मदद से चलना पड़ता है और उनका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है. लेकिन वह घर आकर खुश हैं. मैं भी खुश हूं. अस्पताल का खर्च न केवल बहुत ज्यादा था, बल्कि अस्पताल का माहौल भी मरीज के लिए बहुत डरावना होता है.’
इन एक्टर्स ने बढ़ाया मदद का हाथ
सुहास दलवी ने बताया कि जैसे ही यह खबर फैली कि दिग्गज एक्टर का परिवार अस्पताल के बिलों का भुगतान नहीं कर पा रहा है, वैसे ही बॉलीवुड के कई एक्टर्स उनकी मदद के लिए आगे आए। सुहास दलवी ने कहा, ‘जब यह खबर फैली कि हम अस्पताल के बिलों का भुगतान करने में असमर्थ हैं, तो फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग आर्थिक सहायता के लिए आगे आए. मुझे तुरंत सभी नाम याद नहीं आ रहे हैं. लेकिन कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार मदद करने वालों में सबसे पहले थे. फिल्म इंडस्ट्री और बाहर से भी कई अन्य लोग मदद के लिए आगे आए थे. मेरे पति साई बाबा की भूमिका निभाने के लिए सबसे ज्यादा जाने जाते हैं. कई साईं भक्त भी मदद के लिए आगे आए. कौन कहता है कि हम निर्दयी हो गए हैं? मेरे पति की बीमारी के बाद जो प्यार और उदारता दिखाई गई है, वह आंखें नम कर देने वाली है.’
सुधीर दलवी का करियर
बता दें कि एक्टर सुधीर दलवी ने 3 दशकों से अधिक समय तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है. उन्होंने रामानंद सागर के हिट शो ‘रामायण’ में गुरु वशिष्ठ की भूमिका से लोगों के बीच अपनी पहचान बनाई थी. इसके बाद वह 1977 में आई फिल्म ‘शिरडी के साई बाबा’ में दिखाई दिए, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया. सुधीर ने अपने लंबे एक्टिंग करियर में कई फिल्मों में काम किया है, जिनमें ‘क्रांति’, ‘सत्यमेव जयते’, ‘खुदगर्ज’ और ‘खलनायक’ शामिल हैं.