Shah Rukh Khan Film King Promo Release With Ramayana: बॉलीवुड के सुपरस्टार रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे फिल्म को लेकर फैंस के बीच एक्साइटमेंट भी बढ़ती जा रही है. लेकिन हाल ही में जो खबर सामने आई है, उसके बारे में जानने के बाद शाहरुख खान के फैंस भी इस फिल्म के लिए एक्साइटेड हो जाएंगे. शाहरुख खान की आने वाली एक्शन फिल्म ‘किंग’ को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है. दरअसल, सोशल मीडिया पर खबर है कि शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का प्रोमो भी सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के साथ ही रिलीज किया जा सकता है. चलिए आपको ये पूरा माजरा समझाते हैं.
रिलीज से पहले होगा बड़ा धमाका
बता दें कि एक्शन फिल्म ‘किंग’ के साथ शाहरुख खान लगभग तीन साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. शाहरुख खान की ये मोस्ट अवेटेड फिल्म इसी साल दिसंबर 2026 में रिलीज की जाएगी. लेकिन खबर आ रही है कि शाहरुख के फैंस को फिल्म की रिलीज से पहले सिनेमाघरों में इसकी एक झलक देखने को मिल सकती है. बताया जा रहा है कि फिल्म ‘किंग’ का प्रोमो रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ के साथ सिनेमाघरों में प्रीमियर होगा.
मालूम हो कि रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर, 2026 को दिवाली के अवसर पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
‘किंग’ का टीजर
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ‘किंग’ का एक स्पेशल प्रमोशनल वीडियो रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा. हालांकि, फिल्म मेकर्स का प्लान है कि वे शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के मौके पर 2 नवंबर को फिल्म ‘किंग’ का टीजर रिलीज करें. इसलिए, पूरी उम्मीद की जा रही है कि फिल्म ‘किंग’ का टीजर 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जा सकता है.
‘किंग’ का स्पेशल प्रोमो
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में ‘रामायण’ की रिलीज के दौरान सिनेमाघरों में ‘किंग’ का एक स्पेशल प्रोमो दिखाया जाएगा. रिपोर्ट में कहा गया है, ‘इस प्रोमो कोलैबोरेशन से फिल्म देखने वालों के बीच ‘किंग’ की पॉपुलैरिटी बढ़ने की उम्मीद है, खासकर इसलिए क्योंकि ‘रामायण’ को इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है.’ हालांकि, अभी तक ‘रामायण’ और ‘किंग’ दोनों में से किसी के भी मेकर्स की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.