Nana Patekar Manisha Koirala Relationship Rumours: बॉलीवुड के पावरहाउस एक्टर नाना पाटेकर (Nana Patekar) अपनी बेहतरीन अदाकारी के साथ-साथ अपने गुस्से और बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. 1989 की फिल्म ‘परिंदा’ के सेट पर विधु विनोद चोपड़ा संग हुई हाथापाई से लेकर मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) संग अफेयर की अफवाहों तक, नाना पाटेकर हमेशा सुर्खियों में रहे हैं. लेकिन अब ‘अग्नि साक्षी’ के स्क्रीनराइटर रणबीर पुष्प (Ranbir Pushp) ने नाना के सपोर्ट में उतरकर उनकी शॉर्ट-टेंपर इमेज और मनीषा संग उनके रिश्ते की पूरी इनसाइड स्टोरी शेयर की है.
‘अग्नि साक्षी’ के राइटर ने किया डिफेंड
‘अग्नि साक्षी’ फिल्म के स्क्रीनराइटर रणबीर पुष्प ने नाना पाटेकर की इमेज को लेकर फैलाई गई गलत धारणाओं को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि नाना भले ही जल्दी गुस्सा हो जाते हैं, लेकिन उनका दिल बेहद साफ है और लोगों ने उन्हें लेकर गलत राय बना ली है.
किसानों के लिए ठुकराई लग्जरी कार
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, नाना की दरियादिली का किस्सा शेयर करते हुए रणबीर ने बताया कि एक बार नाना ने 1.5 करोड़ रुपये की कार लेने से मना कर दिया था और वह पैसा किसानों के परिवारों में बंटवा दिया था. उन्होंने कहा कि जो इंसान ‘नाम फाउंडेशन’ बनाकर किसानों के आंसू पोंछता है, वो किसी को चोट नहीं पहुंचा सकता.
सड़क पर जब सिखाया सफाई का सबक
नाना के गुस्से का बचाव करते हुए राइटर ने एक किस्सा सुनाया कि कैसे एक कार वाले को सड़क पर प्लास्टिक बोतल फेंकते देख नाना ने उसे सिग्नल पर रोका. उन्होंने उस शख्स को स्वच्छ भारत अभियान की याद दिलाते हुए देश को साफ रखने की जिम्मेदारी का अहसास कराया था.
मनीषा कोइराला संग अफेयर पर क्या बोले?
90 के दशक में मनीषा कोइराला और नाना पाटेकर के अफेयर की खबरों पर रणबीर ने कहा, “उनके बीच कुछ तो था. अब भगवान जाने कि वे सिर्फ दोस्त थे या रोमांस था. लेकिन दोनों बहुत क्लोज थे और उनके बीच ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन कमाल की बॉन्डिंग थी.”
19 साल का एज गैप और फिल्में
नाना पाटेकर और मनीषा कोइराला के बीच 19 साल का एज गैप था. दोनों ने संजय लीला भंसाली की ‘खामोशी’ में बाप-बेटी का रोल निभाया था. इसके बाद दोनों ‘अग्नि साक्षी’ और 1998 में आई फिल्म ‘युगपुरुष’ में एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आए थे.