बॉलीवुड के पावर कपल रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों की शादी को भले ही कई साल हो चुके हैं, लेकिन उनकी रोमांटिक यादें आज भी फैंस का दिल जीत लेती हैं. अब रणबीर कपूर ने आलिया को शादी के लिए प्रपोज करने का ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. खास बात यह है कि इस रोमांटिक पल के दौरान वहां तीन बब्बर शेर भी मौजूद थे. रणबीर ने बताया कि कैसे उन्होंने जंगल के बीच घुटनों पर बैठकर आलिया से शादी के लिए पूछा था.
जंगल में रणबीर ने आलिया को किया था प्रपोज
रणबीर कपूर हाल ही में अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर पहुंचे. यहां उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक खास किस्सा शेयर किया. रणबीर ने बताया कि उन्होंने आलिया को प्रपोज करने के लिए पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी. वह अपने साथ अंगूठी लेकर गए थे और उन्होंने गाइड व ड्राइवर को भी इसके लिए खास निर्देश दिए थे.
रणबीर ने ड्राइवर को दिए थे इंस्ट्रक्शन
रणबीर ने बताया कि उन्होंने ड्राइवर से कहा था कि जंगल के बीच किसी सुनसान जगह पर गाड़ी रोक दे. इसके बाद वह आलिया के सामने घुटनों पर बैठकर उन्हें प्रपोज करना चाहते थे. इतना ही नहीं, उन्होंने ड्राइवर से दूर से उनकी तस्वीर खींचने के लिए भी कहा था.
‘लड़कियों को फोटो खिंचवाने का बहुत शौक होता है’
रणबीर ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि लड़कियों को तस्वीरें खिंचवाने और उन्हें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने का शौक होता है. इसलिए वह चाहते थे कि आलिया के पास इस खास पल की एक खूबसूरत याद भी रहे.
अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में सबूत की कही बात
रणबीर की बात सुनकर अमिताभ बच्चन भी मुस्कुरा उठे. उन्होंने मजाक में कहा कि प्रपोज करने का कोई सबूत तो होना चाहिए. इस पर रणबीर ने बताया कि वह अपने साथ अंगूठी लेकर गए थे.
तीन शेरों के बीच रणबीर बन गए थे ‘चूहा’
इस कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब आया, जब रणबीर ने वहां मौजूद शेरों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उस जगह से करीब 100 फीट की दूरी पर तीन बब्बर शेर थे. रणबीर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी शेरनी यानी आलिया उनके सामने खड़ी थीं और वह खुद चूहा बनकर घुटनों पर बैठ गए थे. रणबीर और आलिया ने 14 अप्रैल 2022 को शादी की थी. अब दोनों अपनी बेटी राहा के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं.
‘रामायण’ को लेकर चर्चा में रणबीर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म में उनके साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है.