Thursday, 1 October, 2026

---विज्ञापन---

Back

‘राम तो राम…’ रणबीर के श्रीराम अवतार पर भड़के मुकेश खन्ना! बोले- ‘आपने उनको सलमान-अमिताभ बना…’

Mukesh Khanna Criticises Ranbir Kapoor: एक्टर मुकेश खन्ना ने फिल्म 'रामायण' में भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग की आलोचना की है.

Mukesh Khanna Criticises Ranbir Kapoor: बॉलीवुड के फेमस फिल्ममेकर नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. इसी साल जुलाई में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसे लोगों से मिक्स रिव्यू मिले. वहीं, हाल ही में फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हुआ, जिसे लोगों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. हालांकि, कुछ लोग रणबीर कपूर को फिल्म में भगवान राम के किरदार के लिए कास्ट किए जाने से नाराज हैं. ऐसे में एक्टर मुकेश खन्ना ने भी फिल्म में भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग की आलोचना की है. मुकेश खन्ना ने कहा कि फिल्म में इस किरदार को मर्यादा पुरुषोत्तम के बजाय एक कर्मठ व्यक्ति की तरह पेश किया गया है. चलिए आपको पूरा माजरा समझाते हैं.

रामायण में कहीं नहीं…

बॉलीवुड नाउ को दिए एक इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के ट्रेलर पर खुलकर बात की. इसके साथ ही उन्होंने ट्रेलर को लेकर अपनी आपत्ति के बारे में भी बताया. मुकेश खन्ना ने फिल्म में श्रीराम के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग पर सवाल उठाए और इसकी आलोचना की. उन्होंने कहा कि फिल्म में श्रीराम को ‘धुरंधर’ बना दिया गया है. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम एक शक्तिशाली दिव्य व्यक्तित्व और ईश्वर के अवतार हैं, लेकिन फिल्म में दिखाए गए एक वॉर सीन से पता चलता है कि ‘रामायण’ में उनके किरदार को सही तरीके से नहीं दिखाया गया है. मुकेश खन्ना ने ट्रेलर में श्रीराम के पेड़ पर चढ़कर बाण चलाने वाले सीन पर भी आपत्ति जताई और कहा कि ऐसा कोई सीन ‘रामायण’ में कहीं नहीं देखा गया है.

---विज्ञापन---

नहीं साहब, राम तो राम हैं…

मुकेश खन्ना ने फिल्म में भगवान श्रीराम के किरदार की व्याख्या पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘आपने उनको सलमान खान, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत बना दिया है. नहीं साहब, राम तो राम हैं. मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम, वो मुस्कुराते थे और समुद्र को भी हाथ जोड़कर कहते थे, हट जाओ, मुझे आगे जाना है. अगर आप श्री राम को मर्यादा पुरुषोत्तम के बजाय एक कर्मठ व्यक्ति के रूप में दिखा रहे हैं और उन्हें क्लिंट ईस्टवुड जैसा बना देते हैं, तो मुझे शायद लगे कि भगवान राम ने इस तरह युद्ध नहीं किया था. अगर उन्होंने इस तरह युद्ध किया होता, तो उन्हें वानर सेना की मदद की जरूरत क्यों पड़ती?’

हम VFX नहीं देखेंगे…

इसके अलावा, ‘शक्तिमान’ के अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म ‘रामायण’ के VFX को लेकर भी अपनी आपत्ति व्यक्त की. उन्होंने कहा, ‘वो लोग इसकी तुलना स्टार वॉर्स से करेंगे और शायद पैसे भी कमा लेंगे. लेकिन भारत में इसे भारत की आस्था और मान्यताओं को ध्यान में रखकर बनाया जाना चाहिए. हम स्पेशल इफेक्ट्स नहीं देखेंगे.’

First published on: Oct 01, 2026 12:36 PM

E24 पर पढ़ें बॉलीवुड , टीवी, OTT , सेलिब्रिटी लाइफ, Box Office , वायरल मनोरंजन खबरों और एक्सक्लूसिव इंटरव्यू से जुड़ी हर बड़ी अपडेट। एंटरटेनमेंट की दुनिया की ताजा और दिलचस्प खबरों के लिए जुड़े रहिए E24 के साथ। Follow E24bollywood on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola