Mitwa Fame Singer Shafqat Amanat Ali Suffer Blood Cancer: बॉलीवुड के ‘मितवा’, ‘तेरे नैना’ और ‘दिलदारा’ गाने वाले पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली को लेकर हैरान करने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, सिंगर शफकत अमानत अली को ब्लड कैंसर हो गया था, जिससे वह पिछले एक साल से जूझ रहे थे. हाल ही में शफकत अमानत ने ब्लड कैंसर से अपनी मुश्किल लड़ाई के बारे में खुलकर बात की है. उन्होंने बताया कि उन्हें मल्टीपल मायलोमा है. शफकत ने कहा कि उनकी इस बीमारी ने उनके परिवार और फैंस को हिलाकर रख दिया था. चलिए जानते हैं कि उन्होंने इस बारे में क्या कुछ बताया है.
सिंगर शफकत अमानत को हुआ ब्लड कैंसर
पाकिस्तानी सिंगर शफकत अमानत अली ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने अपनी बीमारी, ट्रीटमेंट, रिकवरी और स्टेज पर वापसी के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे इस बीमारी ने उनके परिवार और फैंस को हिलाकर रख दिया. इसकी वजह से उन्हें अपने सिंगिंग के काम से भी एक साल का ब्रेक लेना पड़ा. शफकत अमानत अली ने बताया कि अभी भी वह कैंसर से जंग लड़ रहे हैं.
यह बहुत बुरी बीमारी…
कैंसर के साथ अपनी लड़ाई पर बात करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंगर शफकत अमानत ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें कैंसर है. डॉन की एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, अली ने कहा, ‘मुझे एक बुरा दौरा पड़ा था. यह कुछ ऐसा था जिसने मुझे, मेरे परिवार, दोस्तों और फैंस को हिलाकर रख दिया था. हम इसे अपने कुछ दोस्तों से छिपा रहे थे, क्योंकि हम अपनी परेशानी पर ध्यान देने में बिजी थे. मुझे जो प्रॉब्लम थी, उसका नाम मल्टीपल मायलोमा है. यह बहुत बुरी बीमारी थी. मैं इससे जूझ रहा था.’
एक साल तक बेड…
सिंगर शफकत अमानत ने आगे कहा, ‘शुक्र है, हमने समय पर लक्षणों को पहचान लिया, हालांकि कराची में सही इलाज ढूंढने के लिए हमें कई डॉक्टरों से मिलना पड़ा. मैं पूरे एक साल तक बेड रेस्ट पर था. इस दौरान प्रोफेशन और लाइव शो से दूर रहना बहुत मुश्किल था. हालांकि, जब रिपोर्ट क्लियर आईं, तो मैं परफॉर्म करने वापस आ गया.’ उन्होंने बताया कि वह अभी भी मेंटेनेंस थेरेपी पर हैं. उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात करने का फैसला किया है, ताकि दूसरों को भरोसा दिलाया जा सके कि मल्टीपल मायलोमा का इलाज हो सकता है.