Kriti Sanon Rakhi Ad Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा एक रक्षाबंधन स्पेशल विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं. एक मशहूर ज्वैलरी कंपनी के इस ऐड को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर विवाद हुआ था. विज्ञापन में कृति के कपड़ों को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए थे. अब बढ़ते विवाद के बीच कंपनी ने इस विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया है.
कृति सेनन के राखी ऐड पर हुआ था विवाद
दरअसल, रक्षाबंधन के मौके पर ज्वैलरी कंपनी ने कृति सेनन को अपने खास विज्ञापन में शामिल किया था. ऐड में कृति ऑफ व्हाइट कलर की ब्रालेट पहने नजर आई थीं. विज्ञापन में वह अपने भाई के साथ-साथ एक पालतू डॉग को भी राखी बांधती दिखाई दीं.

क्यों हुईं कृति ट्रोल?
ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह के रिएक्शन आने लगे. कुछ लोगों को कृति का लुक और विज्ञापन का कॉन्सेप्ट पसंद नहीं आया. देखते ही देखते मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और कृति सेनन को ट्रोल किया जाने लगा.
कंगना रनौत ने भी साधा निशाना
विवाद बढ़ने के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत समेत कई लोगों ने भी इस विज्ञापन की आलोचना की. कंगना ने इसे लेकर काफी तीखी प्रतिक्रिया दी थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर ऐड को हटाने की मांग भी तेज हो गई.

कंपनी ने हटाया एड
अब 26 अगस्त को खबर सामने आई कि कंपनी ने विवाद को देखते हुए कृति सेनन वाले इस विज्ञापन को यूट्यूब समेत अपने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है. समाचार एजेंसी एएनआई ने एक्स के जरिए इसकी जानकारी शेयर की.

कंपनी ने दी सफाई
विज्ञापन हटाने के बाद कंपनी ने अपनी सफाई में कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बेहद सम्मान करती है. कंपनी के मुताबिक, उसका मकसद परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाने के साथ-साथ पालतू जानवरों के प्रति प्यार को भी दिखाना था.

कंपनी ने कही ये बात
कंपनी ने यह भी कहा कि अगर विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं, तो उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था. लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस ले लिया गया है.
कृति सेनन ने भी दिया था जवाब
वहीं, ऐड को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर कृति सेनन ने भी अपना पक्ष रखा था. उन्होंने महिलाओं के कपड़ों को लेकर सवाल उठाने वालों पर रिएक्शन देते हुए कहा था कि महिलाओं को यह नहीं बताया जाना चाहिए कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं. कृति ने यह भी कहा था कि किसी त्योहार, रीति-रिवाज या परंपरा का कपड़ों से कोई लेना-देना नहीं होता.