Hema Malini Emotional on Dharmendra First Death Anniversary: बॉलीवुड सिनेमा के दिवंगत स्टार धर्मेंद्र ने पिछले साल आज ही के दिन इस दुनिया को अलविदा कह दिया था. आज भी हिंदी सिनेमा में उनके न होने की कमी बहुत खलती है. धर्मेंद्र उन अभिनेताओं में से एक थे, जिन्होंने अपनी जिंदगी के आखिरी समय तक काम किया और फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. आज बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि है. इस मौके पर एक बार फिर हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को खोने का दर्द जाहिर किया है. एक्ट्रेस ने कहा कि अभी तक उनके दुख की गहराई कम नहीं हुई है. अभी भी उन्हें अपनी जिंदगी खाली लगती है.
मेरा वजूद थे…
धर्मेंद्र की पहली डेथ एनिवर्सरी पर उन्हें याद करते हुए हेमा मालिनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी और धर्मेंद्र की कई तस्वीरें शेयर कीं. इसके साथ उन्होंने अपना दर्द जाहिर किया है. इस पोस्ट के कैप्शन में हेमा मालिनी ने लिखा, ‘पूरा एक साल बीत गया, लेकिन मेरा दुख कम नहीं हुआ. मैं एक ऐसे आदमी के बहुत बड़े और कभी न भरने वाले नुकसान का दुख मना रही हूं, जो सिर्फ मेरे पति नहीं थे. वह मेरे लिए सब कुछ थे. मेरे दोस्त, फिलॉसफर और गाइड, जो मेरी बैकबोन थे और शॉर्ट में, मेरा वजूद थे.’
उनके बिना जिंदगी…
हेमा मालिनी ने आगे लिखा, ‘उनके बिना जिंदगी बहुत खाली लगती है. उनकी ऊंची पर्सनैलिटी, उनकी अंदरूनी अच्छाई, जो उनके पूरे वजूद में फैली हुई थी और जो भी उन्हें जानता था, उन सभी तक अपना प्यार फैलाती थी. वो एक ऐसे अनोखे इंसान थे, जो कामयाबी की चोटी पर पहुंचने के बाद भी जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों से जुड़े रहे.’
उनका दोबारा जन्म होगा…
अपनी बात को पूरा करते हुए हेमा मालिनी ने आखिर में कहा, ‘भगवद् गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उनका दोबारा जन्म होगा. मुझे यह पता है, लेकिन मैं अभी भी इसी जीवन में हूं, मुझे उनकी प्यारी मौजूदगी की कमी खलती है. मैं उन लाखों फैंस का शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने इस उदार, प्यारे इंसान को याद करते हुए इतने प्यार भरे नोट भेजे कि धरम जी उनके लिए क्या मायने रखते थे.’