बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. ‘वेलकम’ , ‘गदर’ जैसी फिल्मों में अपनी शानदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान ने 62 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. एक्टर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. उनके निधन के बाद इंडस्ट्री के कई सितारे और फिल्ममेकर उन्हें याद कर रहे हैं. इसी बीच ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने भी मुश्ताक खान को याद करते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया है.
मुश्ताक खान के साथ काम करने वाले थे विशाल
विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि उनका अगली फिल्म में मुश्ताक खान के साथ काम करने का प्लान था. फिल्ममेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर अपना दुख जाहिर किया. उन्होंने लिखा, ‘मुश्ताक जी, हमें साथ काम करना था. आप कितने बेहतरीन एक्टर थे और कैसी विरासत छोड़ गए हैं! ओम शांति.’
चर्चा में है ‘हनुमान अंश’
विशाल की फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों चर्चा में है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है और जल्द ही 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है. ऐसे में फिल्म के डायरेक्टर का मुश्ताक खान के निधन पर सामने आया पोस्ट फैंस का भी ध्यान खींच रहा है.
‘वेलकम’ का बल्लू आज भी है यादगार
मुश्ताक खान ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया, लेकिन अनीस बज्मी की 2007 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम’ में उनका ‘बल्लू’ किरदार आज भी दर्शकों को याद है. फिल्म में उनके मजेदार अंदाज और डायलॉग ने खूब पॉपुलैरिटी हासिल की थी.
मश्ताक का यह डायलॉग हुआ खूब वायरल
‘मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था’ उनका ऐसा डायलॉग है, जिसे आज भी लोग मजाकिया अंदाज में दोहराते नजर आते हैं. मुश्ताक खान ने फिल्मों के अलावा टीवी और थिएटर में भी अपने अभिनय का दम दिखाया.
राजपाल यादव ने भी किया याद
मुश्ताक खान के निधन के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने भी उन्हें भावुक अंदाज में याद किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर मुश्ताक की तस्वीर शेयर कर बताया कि निधन से महज दो घंटे पहले ही वह उनसे मिलने पहुंचे थे.
राजपाल ने दी भावुक श्रद्धांजलि
राजपाल ने बताया कि मुश्ताक ने उन्हें देखा, हाथ मिलाया और उनकी बातें सुनीं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अब तक यकीन नहीं हो रहा कि जिस शख्स से कुछ घंटे पहले मुलाकात हुई, वह अब उनके बीच नहीं है. राजपाल ने मुश्ताक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि एक्टर अपनी फिल्मों और यादगार किरदारों के जरिए हमेशा लोगों के बीच जिंदा रहेंगे.